शाम के समय नाश्ते में लोग कुछ अलग ट्राई करना पसंद करते हैं। ऐसे में कई बार शाम के नाश्ते में कुछ झटपट, स्वादिष्ट और चटपटा बनाने का मन करता है, लेकिन इस दौरान कई बार यह समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए। ऐसे में मसालेदार आलू फ्राई एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है।
आलू हर घर में आसानी से मिल जाता है। कम समय में बनने वाली यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आती है। आप इस रेसिपी को कुछ ही मिनटों में आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसकी रेसिपी आप यहां देख सकते हैं।
आलू फ्राई बनाने की सामग्री
आलू-300 ग्राम
तेल-3 बड़े चम्मच
जीरा-1 चम्मच
सरसों-आधा चम्मच
लहसुन- 5 कलियां
कटी हरी मिर्च- 1 चम्मच
नमक
धनिया पाउडर- 1 चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
गरम मसाला- आधा चम्मच
अमचूर पाउडर- 1 चम्मच
हल्दी- आधा चम्मच
हरा धनिया
आलू फ्राई बनाने की रेसिपी
- चटपटी मसालेदार आलू फ्राई बनाने के लिए सबसे पहले आलुओं को सही तरीके से काटकर उनका स्टार्च निकाल लें। कच्चे आलुओं को लंबाई में या छोटे टुकड़ों में काटने के बाद दो से तीन बार अच्छी तरह धो लें। इससे अतिरिक्त स्टार्च निकल जाता है।
- अब कढ़ाई में 3 बड़े चम्मच तेल गरम करें। तेल गरम होने पर जीरा, सरसों के दाने, कटी हुई लहसुन की कलियां और कटी हरी मिर्च डालें। जब मसाले चटकने लगें, तो तुरंत आलू डाल दें और अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद नमक डालकर कढ़ाई को ढक दें और धीमी से मध्यम आंच पर करीब 5 मिनट तक पकाएं।
- जब आलू हल्के नरम हो जाएं, तब ढक्कन हटाकर धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर और हल्दी डालें। अब आलुओं को हल्की आंच पर भूनें। इस दौरान एक से दो मिनट के अंतराल पर चलाते रहें और आलुओं को कढ़ाई में फैलाकर छोड़ दें। इससे वे अच्छी तरह कुरकुरे फ्राई होंगे। अंत में बारीक कटा हरा धनिया डालें और गैस बंद कर दें। इस तरह आपकी चटपटी और मसालेदार आलू फ्राई तैयार हो जाएगी।
