जिन लोगों के घरों में बगीचा तैयार करने की जगह नहीं होती है, वे बालकनी, छत या गमलों में ही पौधों को लगा लेते हैं। जिसमें तरह-तरह के फूलों और सब्जियों के पौधे लगाए जाते हैं। कुछ पौधे इतने आम होते हैं कि उन्हें ज्यादातर लोगों के घरों में देखा जा सकता है। पोर्टुलाका का पौधा भी इनमें से एक है। इस पौधे में खूब सारे रंग-बिरंगे फूल खिलते हैं और यह ज्यादा जगह भी नहीं घेरता है। सर्दी आते ही इन पौधों का विकास धीमा होने लगता है, ऐसे में सर्दी शुरू होने से पहले इसकी देखभाल के तरीके में बदलाव किया जा सकता है।
अगर आपके घर में पोर्टुलाका का पौधा लगा है, तो इसकी देखभाल के तरीके में कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। अक्टूबर मानसून के जाने और सर्दी शुरू होने से पहले के बीच का समय है। इसलिए यह महीना पौधे को सर्दियों के लिए तैयार करने का सही समय माना जाता है। पौधे की बेहतर ग्रोथ के लिए यहां दिए गए तरीकों की मदद ली जा सकती है।
सूखी और कमजोर शाखाएं हटाएं
पोर्टुलाका के पौधे में फूल गर्मी और बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा खिलते हैं। सर्दियां पड़ने तक लगातार इनमें फूल खिलता रहता है। जब इन पौधों को अच्छी धूप मिलती है, तो फूल खिलते हैं और बादल या छांव वाले दिनों में फूल बंद रहते हैं। सर्दी शुरू होने से पहले इस पौधे की सूखी और कमजोर शाखाओं को छांट दें। गमले के नीचे गिरे सूखे और मुरझाई हुए फूलों और पत्तियों को साफ कर लें। जिससे मिट्टी को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती रहे।
पानी देने का तरीका
अक्टूबर के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। जहां दिन में धूप खिलती है तो वहीं सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगती है। ऐसे में पौधे को पानी देने के तरीके में बदलाव कर सकते हैं। अगर मिट्टी गीली है, तो इसे कुछ दिनों तक पानी न दें। जब मिट्टी की ऊपरी परत सूख जाए तो इसकी अच्छी तरह गुड़ाई करें और फिर पानी का छिड़काव करें। इस दौरान ड्रेनेज होल को भी चेक कर लें।
धूप और खाद का इस्तेमाल
पोर्टुलाका का पौधा धूप में अच्छी तरह खिलता है। इसलिए गमले को ऐसी जगह पर रख दें जहां से उसे 5-6 घंटे की धूप मिल सके। अक्टूबर के समय ज्यादा तेज धूप नहीं खिलती, इसलिए इसे छांव में रखने से बचें। इसके अलावा पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी में वर्मीकम्पोस्ट या गोबर की खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं।
रिपॉट करें
सर्दियों के समय ये पौधे डोरमैंसी पीरियड (सुप्त अवस्था) में चले जाते हैं। इस दौरान कुछ पौधे सूख भी सकते हैं। वहीं कुछ पौधों का ग्रोथ (विकास) रुक जाता है या धीमा हो जाता है। ऐसे में अक्टूबर के महीने में पोर्टुलाका के पौधे की रिपॉटिंग कर सकते हैं। इसकी स्वस्थ और मोटी शाखाओं को निकालकर नए गमले में लगा सकते हैं। इससे अलगे साल के लिए नया पौधा सुरक्षित रह सकता है।
अक्टूबर के महीने का अंत होते-होते दिन के समय धूप रहती है और सुबह-शाम हल्की ठंडक रहने लगती है। इस दौरान पौधे की सही देखभाल उसे मुरझाने से बचा सकती है। ऐसे में पौधों को पॉलीथीन से ढक सकते हैं, जिसे सुबह की धूप निकलने पर हटाया जा सकता है। ओस या कोहरे की स्थिति में इससे पौधा सुरक्षित रह सकता है।
