नाश्ते में पोहा काफी लोगों की पहली पसंद है, लेकिन रोज-रोज एक ही तरह का सादा पोहा खाकर बोरियत होना भी लाजमी है। अगर आपके किचन में पोहा रखा है तो इसे सिर्फ एक ही तरीके से बनाने की जरूरत नहीं। थोड़े से बदलाव के साथ आप इससे ऐसे नाश्ते तैयार कर सकते हैं, जो स्वाद में भी अलग होंगे और बनाने में भी ज्यादा मेहनत नहीं लगेगी।

पोहे का रोल

यह रेसिपी शेफ संजीव कपूर ने शेयर की है। इसे बनाना बेहद आसान है। आइए जानें इसे बनाने का फटाफट तरीका।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

पोहा – 1 कप
आलू – 2 मध्यम आकार के उबले हुए
हरी मिर्च – 2 कटी हुई
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच ताज़ा कटा हुआ
मूंगफली – 1 1/2 बड़े चम्मच भुनी हुई
अमचूर पाउडर – 1/4 चम्मच
गरम मसाला पाउडर – 1/4 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1/4 छोटा चम्मच
स्वादानुसार नमक
फेंटा हुआ अंडा- 1
ब्रेड क्रम्ब्स- 2 बडे़ चम्मच
तलने के लिए तेल

अब जानें बनाने का तरीका

पोहे को छलनी में अच्छी तरह धो लें और एक कटोरे में उबले और मैश किए हुए आलू लें। आलू और पोहे में कटी हुई हरी मिर्च, धनिया पत्ती, मूंगफली, अमचूर पाउडर, गरम मसाला पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को मनचाहे आकार में बेल लें (रोल या टिक्की जैसा), फिर इसे अंडे में लपेटकर ब्रेडक्रम्ब्स से कोट कर लें। एक नॉन-स्टिक कड़ाही में पर्याप्त तेल गरम करें और इन्हें सुनहरा भूरा होने तक तल लें। फिर इन्हें सोखने वाले कागज़ (tissue paper) पर निकाल लें।

पोहा कटलेट

बनाने के लिए जरूरी चीजें

पोहा – 1 कप
उबले आलू – 2
ब्रेड – 3 स्लाइस
मैदा – 2 टेबलस्पून
अदरक – 1 इंच, कद्दूकस किया हुआ
हरी मिर्च – 2, बारीक कटी
हरा धनिया – 2-3 टेबलस्पून
लाल मिर्च – ¼ छोटी चम्मच
काली मिर्च – ¼ छोटी चम्मच से कम
नमक – स्वादानुसार
तेल – सेंकने के लिए

अब नोट करें बनाने की विधि

सबसे पहले पोहे को छलनी में डालकर पानी से हल्का भिगो दें और करीब 5 मिनट के लिए रख दें। उबले आलू को मैश कर लें। अब इसमें भीगा हुआ पोहा, अदरक, हरी मिर्च, लाल मिर्च, नमक और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें। फिर मैदा में थोड़ा पानी डालकर पतला घोल तैयार करें। ब्रेड को मिक्सर में पीसकर चूरा बना लें।

अब पोहे-आलू के मिश्रण से छोटे हिस्से लेकर गोल या मनचाहे आकार के कटलेट बना लें। इन्हें पहले मैदा के घोल में डुबोएं और फिर ब्रेड के चूरे में अच्छी तरह लपेट दें। करीब 10-15 मिनट के लिए इन्हें सेट होने दें। तवे पर 2-3 टेबलस्पून तेल गर्म करें और कटलेट को धीमी-मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। आप चाहें तो इन्हें डीप फ्राई भी कर सकते हैं। लीजिए तैयार हैं क्रिस्पी पोहा कटलेट।

पोहे के मेदू वड़े

जानें बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए

2 कप मोटा पोहा
4 छोटे चम्मच चावल का आटा
1 प्याज, बारीक कटा
½ शिमला मिर्च, बारीक कटी
1 गाजर, कद्दूकस की हुई
2 टेबलस्पून हरा धनिया, बारीक कटा
1-2 हरी मिर्च, बारीक कटी
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
½ छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
¼ छोटा चम्मच चाट मसाला
लाल मिर्च पाउडर और नमक स्वादानुसार
तलने के लिए तेल

अब झटपट जान लें बनाने की रेसिपी

पोहा धोकर करीब 5 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद पानी अच्छी तरह निकालकर पोहे को हाथ से हल्का मसल लें। अब इसमें चावल का आटा, प्याज, शिमला मिर्च, गाजर, हरा धनिया, हरी मिर्च, अदरक और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें।

जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर मिश्रण को गूंथ लें। मिश्रण का छोटा हिस्सा लेकर गोल वड़ा बनाएं और बीच में हल्का छेद कर दें। कड़ाही में तेल गर्म करें और वड़ों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। तैयार पोहा वड़े को हरी चटनी या सॉस के साथ गर्मागर्म परोसें।