सफर के दौरान या शाम की चाय के साथ कुछ हल्का, कुरकुरा और स्वादिष्ट खाने का मन हो तो पोहा मिक्सचर एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह न केवल झटपट बन जाता है बल्कि बाजार में मिलने वाली नमकीन से बेहतर होता है। सबसे अच्छी बात है कि आप इसे एक बार बनाएं और आराम से 2 से 3 सप्ताह तक स्टोर करें। अगर आप भी टी-टाइम के लिए कोई झटपट स्नैक ढूंढ रहे हैं, तो यहां जानिए पोहा मिक्सचर की 2 आसान और टेस्टी रेसिपी।

क्लासिक मसाला पोहा मिक्सचर

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

पतला पोहा – 3 कप
मूंगफली – ½ कप
भुना चना – ½ कप
काजू – ¼ कप (वैकल्पिक)
करी पत्ता – 15-20
हल्दी – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – 2 बड़े चम्मच

इस तरह बनाएं

सबसे पहले कड़ाही में तेल गर्म करके पोहा कुरकुरा होने तक भून लें। आप चाहें तो इसे डिप फ्राई करें या फिर आप सिर्फ एक चम्मच तेल डालकर भी पोहा को भून सकते हैं। इसे बाहर किसी बाउल में निकाल लें। इसके बाद आपको उसी कड़ाही में तेल गर्म करें और मूंगफली, काजू व करी पत्ता भून लें। फिर आपको हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालकर तुरंत मिला लेना है।भुना हुआ पोहा और भुना चना डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। जब यह ठंडा हो जाए तो एयरटाइट डिब्बे में भर लें।

मीठा-तीखा पोहा मिक्सचर

बनाने के लिए जरूरी चीजें

पतला पोहा – 3 कप
मूंगफली – ½ कप
बादाम या काजू – ¼ कप
किशमिश – ¼ कप
करी पत्ता – 10-12
हल्दी – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
चीनी पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – 2 बड़े चम्मच

इस तरह आप बनाएं

अगर आप मीठा-तीखा स्वाद एक साथ चाहते हैं तो यह रेसिपी ट्राई करें। इसके लिए सबसे पहले पोहे को धीमी आंच पर कुरकुरा होने तक भून लें। फिर उसे बाहर निकाल लें। कड़ाही में दोबारा तेल गर्म करके मूंगफली, मेवे और करी पत्ता भून लें। फिर आपको इसमें हल्दी, नमक और लाल मिर्च मिला देनी है। इसे किसी बाउल में निकाल लें। फिर पोहा भी इसी में मिला देना है। इसके बाद चीनी पाउडर, चाट मसाला और किशमिश डालें। ठंडा होने पर स्टोर करें।