पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में झालमुड़ी खूब चर्चा में रही। अब भाजपा के जीतते ही एक बार फिर से झालमुड़ी चर्चा में आ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब चुनाव प्रचार के दौरान पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में रैली करने पहुंचे थे, तो इस दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में वह सड़क किनारे रुककर बंगाल के मशहूर स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का स्वाद चखते नजर आ आए। अब एक बार फिर से झालमुड़ी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। ऐसे में आइए जानते हैं इसके बनाने की सबसे आसान विधि के बारे में, जिसकी मदद से आप मिनटों में घर पर तैयार कर सकते हैं।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद अब लोग इंटरनेट पर बंगाली स्टाइल में झालमुड़ी बनाने की रेसिपी सर्च करने लगे थे। ऐसे में अगर आप भी घर पर वही तीखी और चटपटी झालमुड़ी बनाना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं सबसे आसान तरीका।

पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आपको झालमुड़ी सड़क किनारे ठेलों पर आसानी से मिल जाएगी। खासकर शाम के वक्त लोग इसे चाय के साथ खाना पसंद करते हैं। बच्चे हो या बुजुर्ग, हर कोई इसे बड़े चाव से खाता है। यह स्नैक जितना स्वादिष्ट होता है, उतना ही जल्दी और आसानी से तैयार भी हो जाता है।

झालमुड़ी बनाने की सामग्री

2 कप मुरमुरे/लाई
1 उबला हुआ आलू (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
1 छोटा टमाटर (कटा हुआ)
1 छोटा खीरा (कटा हुआ)
2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
3-4 चम्मच मूंगफली (भूनी हुई)
1 छोटा चम्मच सरसों का तेल
1 छोटा चम्मच नींबू का रस
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
नमक स्वादानुसार
हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
थोड़ा सा सेव

झालमुड़ी बनाने की आसान विधि

स्टेप-1
सबसे पहले एक बड़े मिक्सिंग बाउल में मुरमुरे डालें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, उबला आलू, खीरा और हरी मिर्च डालकर हल्के हाथों से अच्छे से मिला लें।

स्टेप-2
इसके बाद इसमें मूंगफली डालें, जिससे इसमें हल्का क्रंच और स्वाद बढ़े।

स्टेप-3
अब नमक, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला डालें। ऊपर से सरसों का तेल और नींबू का रस डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह टॉस करें, ताकि मसाले हर सामग्री में बराबर मिल जाएं।

स्टेप-4
अंत में ऊपर से सेव और बारीक कटा हरा धनिया डालें और तुरंत सर्व करें, ताकि मुरमुरे कुरकुरे बने रहें।

स्टेप-5
अगर आप ज्यादा तीखा और चटपटा स्वाद पसंद करते हैं, तो अपनी पसंद के अनुसार हरी मिर्च या चाट मसाला थोड़ा बढ़ा सकते हैं।

नाटो: चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा सा भुना जीरा पाउडर भी डाल सकते हैं। वहीं, झालमुड़ी बनाते समय सबसे जरूरी ध्यान में रखने वाली बात यह है कि इसे हमेशा सर्व करने से ठीक पहले ही तैयार करना चाहिए, ताकि मुरमुरे अपनी कुरकुराहट बनाए रखें और नरम न हों।

Also Read
सुबह के लिए 3 आसान और हेल्दी नाश्ते, जो मिनटों में हो जाएंगे तैयार