बिहार की पारंपरिक मिठाई ठेकुआ देश ही नहीं बल्कि विदेश तक पहुंच चुकी है। हाल ही में स्लोवाक नेशनल काउंसिल के अध्यक्ष रिचर्ड रासी ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह बिहार की पारंपरिक मिठाई ठेकुआ का स्वाद चखते नजर आ रहे हैं। जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें अपनी स्लोवाकिया की यात्रा के दौरान गिफ्ट किया था।

वीडियो शेयर करते हुए रासी ने बताया कि यह मिठाई पारंपरिक स्लोवाक कुकीज से काफी हद तक मिलती-जुलती है, जो उनकी दादी और नानी बनाया करती थीं। उन्होंने कहा कि डिप्लोमेसी में ऐसी छोटी-छोटी चीजें ही लोगों को करीब लाती हैं।

दरअसल ठेकुआ एक पारंपरिक मिठाई है जो खासतौर पर बिहार और झारखंड में बनाई जाती है। गेहूं के आटे, गुड़ या चीनी, घी और सौंफ से तैयार किया जाने वाला ठेकुआ विशेष रूप से छठ पूजा के दौरान बनाया जाता है। खास बात यह है कि यह मिठाई बिना फ्रिज के भी हफ्तों तक फ्रेश बनी रह सकती है।

ठेकुआ लंबे समय तक कैसे रहता है फ्रेश

इस विषय को लेकर इंडियन एक्सप्रेस ने केआईएमएस अस्पताल के चीफ डाइटिशियन डॉ. अमरीन शेख से बात की। उन्होंने बताया कि दूध से बनी मिठाइयां जल्दी खराब हो जाती हैं, लेकिन ठेकुआ के साथ ऐसा नहीं है। सही तरीके से स्टोर करने पर यह मिठाई हफ्तों तक फ्रेश रह सकती है।

ठेकुआ इसलिए ताजा रहता है क्योंकि इसमें नमी बहुत कम होती है। इसे आटा, घी और गुड़ या चीनी के साथ बनाया जाता है और फिर क्रिस्पी होने तक डीप फ्राई किया जाता है। जिसकी वजह से इसमें मौजूद नमी काफी हद तक निकल जाती है। इन वजहों से इसमें बैक्टीरिया, खमीर और फफूंद पनपने की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।

इस मिठाई को बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री खुद इसे सुरक्षित रखने में मदद करती है। घी ठेकुआ के ऊपर एक सुरक्षित परत बना देता है, जबकि गुड़ या चीनी उसमें मौजूद नमी को बांधकर रखती है। इससे बैक्टीरिया और फफूंद जल्दी नहीं बढ़ते और यह लंबे समय तक फ्रेश बना रहता है।

ठेकुआ स्टोर करने का तरीका

ठेकुआ को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए सही तरीके से स्टोर करना भी जरूरी होता है। जब ठेकुआ पूरी तरह ठंडा हो जाए, तो इसे एयरटाइट डिब्बे में रखें। इससे यह लंबे समय तक फ्रेश और कुरकुरा बना रहता है। कम नमी, सही तरीके से तलना और अच्छी तरह स्टोर करने की वजह से ठेकुआ बिना फ्रिज में रखे भी कई हफ्तों तक फ्रेश रह सकता है।