घर की बालकनी, गार्डन, छत या ड्राइंग रूम में रखी प्लास्टिक की कुर्सियां बैठने के लिए सबसे सस्ता और टिकाऊ विकल्प होती हैं। इन्हें एक जगह से दूसरी जगह आसानी से ले जाया जा सकता है। वजन कम होने के चलते बच्चे भी इसे आसानी से उठा सकते हैं। लेकिन समय के साथ धूल, मिट्टी, धूप और नमी के चलते ये कुर्सियां काली और गंदी दिखने लगती हैं। कई बार उन पर जिद्दी दागों की परत भी जम जाती है, जिससे उनकी खूबसूरती कम हो जाती है। हालांकि, कुछ आसान और सुरक्षित तरीकों की मदद से आप इन प्लास्टिक की कुर्सियों को आसानी से साफ कर सकते हैं।

पहला तरीका

प्लास्टिक की कुर्सियों पर जमी धूल और सामान्य गंदगी को साफ करने के लिए सबसे आसान तरीका है साबुन और गुनगुने पानी से सफाई करना। इसके लिए एक बाल्टी में गुनगुना पानी ले लें। उसमें थोड़ा सा लिक्विड साबुन मिलाएं और स्पंज या ब्रश को घोल में डुबोकर कुर्सी को अच्छी तरह रगड़कर साफ करें। इसके बाद साफ पानी से धो दें और अंत में सूखे कपड़े से पोंछकर सुखा दें। इससे काफी हद तक गंदगी साफ हो सकती है।

दूसरा तरीका

कई बार प्लास्टिक की कुर्सियों पर चाय, मिट्टी या जिद्दी दाग लग जाते हैं, जो आसानी से नहीं साफ होते। ऐसे में इन्हें साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। अब पेस्ट को दाग वाली जगह पर लगाकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम ब्रश से हल्के हाथों से रगड़ दें और अंत में साफ पानी से धोकर साफ कर लें। इससे काफी हद तक जिद्दी दाग हल्के पड़ सकते हैं या हट सकते हैं।

तीसरा तरीका

अगर प्लास्टिक की कुर्सियों पर कालापन अधिक है तो उसे साफ करने के लिए सफेद सिरका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिला लें। अब मिश्रण को स्प्रे बोतल में भर लें और कुर्सियों पर छिड़क दें। छिड़कने के 10 मिनट बाद कपड़े या स्पंज से हल्का रगड़ दें और फिर पानी से धोकर सुखा दें। इससे काफी हद तक कालापन दूर हो सकता है।

Also Read
मछलियों के एक्वेरियम का पानी कितने दिनों में बदलना चाहिए, जानें सही तरीका