आज के समय में अधिकतर लोग होम गार्डनिंग करते हैं। इसमें वे अपने घर की छत या फिर अपनी बालकनी में फूल, फल और सब्जियां उगाते हैं। हालांकि, कई बार पौधे काफी महंगे होते हैं, जिसके कारण लोग इन्हें नहीं उगा पाते हैं।
ऐसे में अगर आप भी गमले में घर पर पौधे उगाना चाहते हैं, तो कुछ खास तरह के पौधे उगा सकते हैं। इन पौधों की खासियत यह है कि इन्हें आप सिर्फ बीज से भी आसानी से उगा सकते हैं। अगर आप गमले में पौधे उगाना चाहते हैं, तो हम आपके लिए कुछ खास तरह की सब्जियों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप बीज से ही उगा सकते हैं।
गमले में उगाएं धनिया
धनिया के पौधे को गमले में आसानी से उगाया जा सकता है। खास बात यह है कि इसे लगाने के लिए आपको किसी तरह का पौधा खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती है। आप बीज से धनिया को आसानी से उगा सकते हैं।
टमाटर को बीज से उगाएं
आप टमाटर के बीज से भी टमाटर के पौधे आसानी से उगा सकते हैं। इसके लिए आप सबसे पहले किसी पके टमाटर से बीज निकालकर सुखा लें। अब इन बीजों को जल निकासी वाली मिट्टी में डालें। कुछ ही दिनों में बीज अंकुरित होकर पौधे का रूप ले लेंगे। हालांकि, पौधा बढ़ने पर उसे सहारा जरूर दें।
मिर्च का पौधा
मिर्च के पौधे को अक्सर लोग नर्सरी से खरीदकर लगाते हैं। हालांकि, आप इसे बीज से भी उगा सकते हैं। बीज बोने के बाद गमले को धूप वाली जगह पर रखें। साथ ही, इसमें समय-समय पर पानी डालना बहुत जरूरी होता है।
पालक
आप गमले में पालक भी उगा सकते हैं। इसके लिए गमले में हल्की, पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी डालें और उसमें पालक के बीज ऊपर से छिड़ककर हल्की मिट्टी से ढक दें। कुछ ही दिनों में आप गमले से ताजी पालक तोड़ सकते हैं।
लौकी
आप लौकी को भी गमले में इसके बीज से उगा सकते हैं। इसे लगाने के लिए गमले में मिट्टी डालें और उसमें लौकी के बीज बो दें। इस बात का खास ध्यान रखें कि गमले में जल निकासी की व्यवस्था अच्छी हो। लौकी को भरपूर धूप और सहारे की जरूरत होती है। सही देखभाल से आप घर पर ही लौकी को आसानी से उगा सकते हैं।
