फरवरी का महीना खत्म होते ही मार्च से गर्मी की शुरुआत हो जाती है और इस दौरान मौसम में भी बदलाव होने लगता है। हालांकि, मार्च का महीना गार्डनिंग शुरू करने के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। दरअसल, मार्च के महीने में मौसम न तो अधिक ठंडा होता है और न ही तेज गर्मी पड़ती है। ऐसे में इस समय कई तरह की सब्जियों के पौधे भी आसानी से लगाए जा सकते हैं। इस मौसम में लगाए गए पौधे आसानी से पनप जाते हैं।
अगर आप भी अपने होम गार्डन में कुछ खास तरह की सब्जियां लगाने का प्लान कर रहे हैं, तो हम आपको इस आर्टिकल में सात तरह की सब्जियों के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप अपनी छत, बालकनी या छोटे से आंगन में आसानी से लगा सकते हैं।
भिंडी का पौधा
भिंडी गर्म मौसम की सब्जी है। ऐसे में आप इसे मार्च के मौसम में आसानी से लगा सकते हैं। हालांकि, इसे लगाते समय इस बात का खास ध्यान रखें कि मिट्टी उपजाऊ हो और इसे भरपूर धूप मिले। आप इसके बीज सीधे गमले में या फिर खेत की क्यारी में आसानी से लगा सकते हैं।
टमाटर का पौधा
टमाटर के पौधे को भी आप आसानी से गमले में लगा सकते हैं। मार्च में टमाटर का पौधा लगाना भी बेहतर होता है। दरअसल, इस समय टमाटर जल्दी जड़ पकड़ लेता है। हालांकि, टमाटर लगाने के लिए पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी का उपयोग जरूर करें। इसे सहारा देने के लिए आप पास में कोई जाली या स्टिक जरूर लगाएं। समय-समय पर इसमें पानी डालने और सही देखभाल से आप घर पर ही ताजे टमाटर उगा सकते हैं।
गमले में लगाएं खीरा-ककड़ी
आप गमले में खीरा या ककड़ी भी लगा सकते हैं। दरअसल, खीरा और ककड़ी बेल वाली सब्जियां हैं, जिन्हें धूप और खुली जगह पसंद होती है। हालांकि, गमले में लगाते समय उसमें छेद जरूर करें, जिससे पानी जमा न हो पाए।
लौकी का पौधा
लौकी भी बेल वाली फसल है, जो जल्दी बढ़ती है। इसे बड़े गमले या जमीन में लगाना बेहतर होता है। इसे लगाने के बाद हल्की-सी देखभाल से अच्छी उपज हो सकती है।
गमले में लगाएं हरी मिर्च
आप गमले में हरी मिर्च भी आसानी से उगा सकते हैं। मार्च का महीना मिर्च लगाने के लिए बेहतर होता है। गमले में पौधा लगाने के बाद इसे धूप वाली जगह पर रखें। मिर्च के पौधे को हर रोज हल्की सिंचाई की जरूरत होती है।
पालक का पौधा
पालक तेजी से बढ़ने वाली पत्तेदार सब्जी है। इसे कम गहराई वाली क्यारी या ट्रे में भी उगाया जा सकता है। इसे लगाते समय मिट्टी को नम रखें। करीब एक माह में पालक की हरी पत्तियां तैयार हो जाती हैं।
करेला
करेला भी बेल वाली सब्जी है, जो गर्मी में अच्छी पैदावार देती है। इसे धूप वाली जगह पर लगाएं और जाली का सहारा दें। इसे भी हल्की देखभाल की जरूरत होती है। आप समय-समय पर इसमें सिंचाई और खाद डालते रहें। गर्मी में भी करेले के पौधे में अच्छी उपज होती है।
