शहरों में रहने वाले लोग अपनी बालकनी या छत पर छोटा सा गार्डन बनाते हैं। इस गार्डन में तरह-तरह के फूल, हरे-भरे पौधे और कई तरह की सब्जियां भी उगाई जाती हैं। ज्यादातर गमलों को फर्श पर रखा जाता है। लेकिन समय के साथ जहां गमले रखे होते हैं इनके नीचे की टाइल्स पर दाग बन जाता है। लंबे समय तक एक ही जगह पर गमले रखने से इसके नीचे मिट्टी, खाद और चिकनाई मिलकर टाइल्स पर एक परत जमा देते हैं।

खासकर गमले के नीचे लगातार नमी रहने पर टाइल्स पर भूरे, पीले, सफेद या हरे रंग के दाग दिखाई देने लगते हैं। ये दाग जगह की खूबसूरती को भी प्रभावित करते हैं। कई बार सामान्य तरीके से पोछा लगाने पर भी ये निशान नहीं जाते हैं। हालांकि, कुछ घरेलू चीजों की मदद से इन जिद्दी दागों से छुटकारा पाया जा सकता है।

पहला तरीका

अगर टाइल्स पर गमले के नीचे पानी और मिट्टी के कारण सफेद या हल्के पीले दाग पड़ गए हैं, तो आप सफेद सिरके की मदद से इन्हें साफ कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और पानी लें। इस घोल को दाग वाली जगह पर डालें या स्प्रे करें। करीब 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम ब्रश या स्पंज से हल्के हाथों से रगड़कर साफ कर दें। अंत में साफ पानी से पोछा लगा दें। इससे दाग काफी हद तक साफ हो सकते हैं।

दूसरा तरीका

अगर दाग काफी पुराने हो चुके हैं और सामान्य सफाई से नहीं जा रहे हैं, तो आप बेकिंग सोडा की मदद से इसकी सफाई कर सकते हैं। इसके लिए 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को दाग वाली जगह पर अच्छी तरह लगाएं। करीब 10-15 मिनट तक इसे लगा रहने दें। इसके बाद मुलायम ब्रश या स्पंज से धीरे-धीरे रगड़ें। अंत में गीले कपड़े से पेस्ट साफ करें और फिर टाइल्स को सूखे कपड़े से पोंछ दें।

तीसरा तरीका

अगर दाग हल्के हैं तो आप इसके लिए डिशवॉश लिक्विड और गर्म पानी का घोल इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक बाल्टी या कटोरी में हल्का गुनगुना पानी लें। इसमें थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड मिलाएं। अब कपड़े या स्पंज को घोल में भिगोकर दाग वाली जगह को साफ करना शुरू करें। जिद्दी दाग होने पर मुलायम ब्रश का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, ब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें। अंत में साफ पानी से टाइल्स पोंछ दें। इससे काफी हद तक दाग साफ हो सकते हैं।

दाग लगने से कैसे बचाएं

गमले के नीचे प्लांट सॉसर या ट्रे रखें।
पानी देने के बाद फर्श पर जमा पानी तुरंत साफ कर दें।
समय-समय पर गमलों को उठाकर नीचे की सतह को साफ करते रहें।
मिट्टी और खाद जब टाइल्स पर गिरे तो तुरंत साफ कर दें।

यह भी पढ़ें
कार के शीशों पर लगे उंगलियों के दाग को ऐसे करें साफ, बिना मेहनत आएगी शाइनिंग