Mini Kashmir Tapola: आजकल ज्यादातर लोग फेमस डेस्टिनेशन पर जाने की बजाय ऐसी जगहों पर घूमना पसंद करते हैं, जहां शांति, प्रकृति और सुकून का अहसास मिल सके। शहरों में रहने वाले लोग अक्सर इस तरह की जगहों को चुनते हैं। रोजाना की भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर कुछ समय निकालकर शांति और सुकून से बिताना हर कोई चाहता है। महाराष्ट्र का तपोला इसके लिए बेहतरीन जगह साबित हो सकती है। यहां की हरियाली, सुंदरता और शांति मन को सुकून देने वाली है।

महाबलेश्वर को एक्सप्लोर कर चुके हैं, तो इस बार पास में स्थित तपोला को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। जिसे मिनी कश्मीर भी कहा जाता है। यहां पर परिवार या दोस्तों के साथ वीकेंड पर ट्रिप प्लान की जा सकती है। आइए जानते हैं इस जगह की खासियत और पहुंचने का तरीका।

क्यों कहते हैं मिनी कश्मीर

तपोला महाराष्ट्र के सबसे प्रसिद्ध हिल स्टेशन महाबलेश्वर से करीब 30 किमी और सातारा से 50 किमी दूर है। महाबलेश्वर में घूमने के लिए कई लोग आते हैं, जिसकी वजह से यहां पर काफी भीड़-भाड़ देखने को मिल सकती है। ऐसे में तपोला एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। यहां का शांत वातावरण और बजट फ्रेंडली जगह आपकी ट्रिप को यादगार बना सकती है। डैम के किनारे बसे इस हिल स्टेशन की खूबसूरती की वजह से इसे मिनी कश्मीर ऑफ महाराष्ट्र भी कहा जाता है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शानदार नजारों अद्भुत हैं। मुंबई और पुणे में रहने वालों के लिए वीकेंड ट्रिप के लिए यह जगह परफेक्ट साबित हो सकती है।

तपोला में घूमने की जगहें

शिवसागर झील, वसोटा किला, कोयना वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी, कास पठार और कोयना डैम जैसी खूबसूरत जगहों को यहां एक्सप्लोर किया जा सकता है। जहां पर आपको प्राकृतिक खूबसूरती को करीब से महसूस करने का मौका मिल सकता है। घने जंगल और पहाड़ों से घिरा यह इलाका ट्रेकिंग और कैंपिंग करने के लिए बेहतरीन है। अगर आप नेचर लवर हैं तो यह जगह आपको पसंद आ सकती है।

तपोला पहुंचने का तरीका

तपोला पहुंचने के लिए सबसे पहले भारत के किसी भी शहर से महाबलेश्वर पहुंच जाएं। जहां से लोकल बस पकड़ के तपोला के लिए निकल पड़ें। लगभग 45-50 मिनट के अंदर आप महाबलेश्वर से तपोला पहुंच सकते हैं। यहां के रास्ते भी बहुत खूबसूरत हैं जो सफर को यादगार बना सकते हैं। अगर आप महाबलेश्वर से पर्सनल कार या कैब से जा रहे हैं तो रास्ते में रुककर नजारों का आनंद ले सकते हैं।

किस समय जा सकते हैं घूमने?

तपोला बहुत ही शांत जगह है जहां पर आप घूमने का प्लान मौसम के अनुसार बना सकती हैं। मानसून के दौरान बारिश की वजह से चारों तरफ हरियाली और सुहावना मौसम हो जाता है। नेचर फोटोग्राफी करने के लिए यह बेहतरीन समय हो सकता है। हालांकि बारिश से रास्ते फिसलन भरे हो सकते हैं। ऐसे में सावधानी के साथ और मौसम की स्थिति जानकर ही प्लान बनाएं। इसके अलावा आप अक्टूबर से फरवरी के बीच यहां घूमने का प्लान कर सकते हैं। इस दौरान कैंपिंग, हाईकिंग और बोटिंग कर सकते हैं।