अन्नास यानी अनानास (Pineapple) का स्वाद खट्टा-मीठा होता है। आमतौर पर इसे फल के रूप में खाया जाता है। लेकिन क्या आपको पता है आप इससे चटनी, हलवा और रायता जैसी कई स्वादिष्ट चीजें भी बना सकती हैं। इसकी खास बात यह है कि मीठे और नमकीन, दोनों तरह के पकवानों में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। अनानास में विटामिन सी, मैंगनीज, फाइबर और पानी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इसमें ब्रोमेलेन नाम का एंजाइम भी होता है। संतुलित मात्रा में इसे खाने से शरीर को कई पोषक तत्व मिलते हैं। आइए जानते हैं अनानास की तीन आसान रेसिपी और इसे खाने से सेहत को क्या फायदे मिल सकते हैं।
अनानास की चटनी
खाने के साथ कुछ चटपटा पसंद है तो अनानास की चटनी बना सकते हैं। इसका खट्टा-मीठा स्वाद पराठे, पूरी और दाल-चावल के साथ अच्छा लगता है।
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
अनानास के छोटे टुकड़े – 1 कप
चीनी या गुड़ – 2-3 बड़े चम्मच (स्वादानुसार)
अदरक – 1 छोटा टुकड़ा
हरी मिर्च – 1
जीरा – आधा छोटा चम्मच
काला नमक – स्वादानुसार
साधारण नमक – स्वादानुसार
नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
तेल – 1 छोटा चम्मच
जानें इसकी रेसिपी
इसे बनाने के लिए सबसे पहले अनानास को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। फिर अब पैन में तेल गर्म करके जीरा डालें। इसमें बारीक कटी अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें। इसके बाद अनानास के टुकड़े डालें और कुछ मिनट पकाएं। अब चीनी या गुड़, काला नमक और साधारण नमक डालकर धीमी आंच पर पकने दें। अनानास नरम हो जाए और मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो गैस बंद कर दें। ठंडा होने पर नींबू का रस मिलाएं। तैयार है खट्टी-मीठी अनानास की चटनी।
अनानास का हलवा
अगर मीठा खाने का मन है तो अनानास का हलवा बना सकते हैं। सूजी और अनानास से तैयार यह हलवा आम हलवे से थोड़ा अलग स्वाद देता है।
ये चीजें चाहिए बनाने के लिए
सूजी – आधा कप
बारीक कटे अनानास – आधा कप
चीनी – आधा कप (स्वादानुसार)
घी – 3 बड़े चम्मच
पानी – 1.5 कप
इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
काजू और किशमिश – 2 बड़े चम्मच
अब जान लें इसकी रेसिपी
सबसे पहले पैन में घी गर्म करें और सूजी डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भून लें। दूसरे बर्तन में पानी गर्म करके उसमें अनानास के टुकड़े और चीनी डालें। इसे कुछ मिनट पकाएं। इसके बाद आपको इसमें धीरे-धीरे भुनी सूजी डाल देनी है। इसे लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न पड़ें। हलवा गाढ़ा होने लगे तो इलायची पाउडर, काजू और किशमिश डाल दें। कुछ देर पकाने के बाद गैस बंद कर दें। गर्मागर्म अनानास का हलवा तैयार है।
अनानास का रायता
खाने के साथ ठंडा और हल्का रायता पसंद है तो अनानास का रायता अच्छा विकल्प हो सकता है। दही की मलाईदार बनावट और अनानास का खट्टा-मीठा स्वाद इसे खास बनाता है।
बनाने के लिए जरूरी चीजें
ताजा दही – 1 कप
अनानास के छोटे टुकड़े – आधा कप
भुना जीरा पाउडर – आधा छोटा चम्मच
काला नमक – स्वादानुसार
साधारण नमक – स्वादानुसार
बारीक कटी हरी मिर्च – आधी (वैकल्पिक)
हरा धनिया – थोड़ा सा
अब जानें बनाने का तरीका
सबसे पहले दही को अच्छी तरह फेंट लें। अब इसमें अनानास के छोटे टुकड़े मिलाएं। इसके बाद भुना जीरा पाउडर, काला नमक और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। चाहें तो बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया भी डाल सकते हैं। इसे कुछ देर फ्रिज में ठंडा होने दें। तैयार है अनानास का स्वादिष्ट रायता।
