बेडशीट को तो आसानी से साफ कर देते हैं लेकिन सबसे मुश्किल काम होता है तकिए को साफ करना। लोगों को लगता है कि तकिए का कवर साफ कर देने से काम बन जाएगा। लेकिन कई बार तकिए के अंदर की गंदगी सेहत को नुकसान पहुंच सकती है। अगर तकिए को लंबे समय से इस्तेमाल किया जा रहा है, तो उसमें बदबू की समस्या हो सकती है, जिसके चलते इसे अंदर से भी साफ करना जरूरी होता है। तकिए के अंदर रूई होती है, जिसे अगर सीधे पानी से धोया जाए तो वह खराब हो सकता है। ऐसे में कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप तकिए को अंदर से साफ कर सकते हैं।

स्टीम का इस्तेमाल
तकिए को साफ करने के लिए हैंड स्टीमर का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये तकिए में छिपे बैक्टीरिया और डस्ट माइट्स को खत्म करने में मददगार साबित हो सकता है। स्टीम करने के बाद इसे खुली हवा में अच्छी तरह से सूखा दें।

धूप
तेज धूप में तकिए को रखने से बदबू की समस्या खत्म हो सकती है और साथ ही बैक्टीरिया भी मर सकते है। इसके लिए हफ्ते में एक बार 3-4 घंटे तेज धूप में तकिए को रख दें। धूप नमी और बदबू कम करने में मदद करती है, लेकिन पूरी तरह से कीटाणु खत्म करने के लिए नियमित सफाई जरूरी है।

बेकिंग सोडा
पसीने के चलते तकिए से बदबू आने लगती है। इस गंध को दूर करने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए तकिए पर बेकिंग सोडा का छिड़काव कर दें। करीब 30 मिनट बाद ब्रश या फिर वैक्यूम की मदद से इसे साफ कर दें।

काम आ सकता है ये स्प्रे
एक चम्मच सफेद सिरका को एक कप पानी में मिलाकर घोल बना लें। इसमें 2-3 एसेंशियल ऑयल भी डाल सकते हैं। तकिए पर हल्का स्प्रे कर धूप में सूखने के लिए छोड़ दें। इससे बदबू खत्म हो सकती है।

ऐसे करें देखभाल
तकिए को हफ्ते में 1-2 बार धूप जरूर दिखा दें। इससे बदबू और डस्ट की समस्या खत्म हो सकती है। इसके अलावा समय-समय पर इसका कवर साफ करते रहें। वहीं, पिलो प्रोटेक्टर भी आता है जिसकी मदद से बदबू और धूल से बचा जा सकता है।

डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।

Also Read
बिना डिटर्जेंट कपड़ों की सफाई के लिए अपनाएं 7 घरेलू नुस्खे, यहां जानें सही तरीका