Fruit and vegetable washing tips: बाजार में बिकने वाले फलों और सब्जियों में पेस्टिसाइड के अवशेष छिपे हो सकते हैं। इसके साथ ही कई बार इन्हें चमकदार बनाने के लिए केमिकल का भी इस्तेमाल किया जाता है। जब आप इन्हें खाते हैं तो ये केमिकल और पेस्टिसाइड शरीर के अंदर प्रवेश कर जाते हैं। जिससे कई सारी शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं।

इन फलों और सब्जियों को सिर्फ धोने से काम नहीं चलने वाला है। क्योंकि, कई बार कीटनाशक और केमिकल पानी से साफ करने के बाद भी रह जाते हैं। डिपार्टमेंट ऑफ फूड सेफ्टी गवर्नमेंट ऑफ NCT ऑफ दिल्ली ने अपने ऑफिशियल वेबसाइट (foodsafety.delhi.gov.in) पर सब्जियों और फलों को साफ करने के कई आसान तरीके बताए हैं जिनकी मदद से केमिकल और पेस्टिसाइड आसानी से साफ हो सकते हैं।

1- पानी से ऐसे करें साफ
फलों और सब्जियों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद कपड़े या फिर पेपर टॉवल से इसे पोंछ दें।

2- ब्रश से साफ करने का तरीका
गाजर, आलू, शलजम, मूली आदि जैसे सब्जियों को 5 से 10 सेकंड तक मुलायम ब्रश या फिर कपड़े से रगड़ें। इसके बाद हल्के गुनगुने पानी से इन्हें साफ कर लें। इससे केमिकल और कीटनाशक आसानी से साफ हो सकते हैं।

3- इन सब्जियों का उतार दें छिलका
आम, नाशपाती, कीवी जैसे फलों और लौकी, तोरई, खीरा जैसी सब्जियों को छीलकर खाना चाहिए। इसके साथ ही पत्ता गोभी की भी पहली परत को हटा सकते हैं।

4- छिलके सहित सब्जी और फल को साफ कैसे करें
जिन सब्जियों और फलों को छिलके सहित सेवन किया जाता है, उन्हें आधे घंटे से एक घंटे तक पानी में भिगोकर रख दें और फिर अच्छी तरह साफ कर बाहर निकाल लें।

5- ऐसे करें सिरके का इस्तेमाल
एक बाल्टी में पानी लेकर उसमें थोड़ा सा सिरका मिला लें। इसके बाद इसमें फलों और सब्जियों को 5 से 10 मिनट तक रख दें। फिर साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।

6- नमक और गर्म पानी
एक बाल्टी में गर्म पानी में थोड़ा सा नमक मिलाकर उसमें फूल गोभी, पालक, ब्रोकली और पत्ता गोभी जैसी सब्जियों को डालकर साफ करने से कीटनाशक मर सकते हैं और केमिकल भी हट सकता है।

7- इमली का कमाल
गाजर, सेब, बैंगन, लौकी, टमाटर, खीरा, अंगूर जैसे फलों और सब्जियों को इमली के घोल से घो सकते हैं। इसके लिए एक बाल्टी में इमली डालकर घोल बना लें और फिर उसमें सब्जियों को डालकर अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इन्हें साफ पानी से धो लें।

8- घर पर तैयार कर सकते हैं स्प्रे
एक चम्मच नींबू का रस, दो बड़े चम्मच बेकिंग सोडा, दो चम्मच सिरका को एक कप पानी में मिलाकर घोल तैयार कर सकते हैं। इसे एक स्प्रे वाली बोतल में भरकर सब्जियों और फलों पर छिड़क कर आधे घंटे के लिए छोड़ दें। फिर साफ पानी से धो लें।

9- मोम को हटाने का आसान तरीका
कई फलों और सब्जियों पर मोम की परत लगाई जाती है ताकि वह जल्दी सड़े गले नहीं। मोम की परत साफ करने के लिए एक कप पानी, आधा कप सिरका, एक चम्मच बेकिंग सोडा और उसमें थोड़ा सा ग्रेपफ्रूट सीड एक्सट्रैक्ट मिला कर अच्छे से घोल तैयार कर लें। अब इसे स्प्रे कर एक घंटे के लिए छोड़ दें। फिर अच्छी तरह से धोकर साफ कर लें। इन सरल उपायों को अपनाकर हानिकारक रसायनों को काफी हद तक साफ कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर:
आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें। यह जानकारी  डिपार्टमेंट ऑफ फूड सेफ्टी गवर्नमेंट ऑफ NCT ऑफ दिल्ली (foodsafety.delhi.gov.in) के ऑफिशियल वेबसाइट पर साझा की गई सामग्री पर आधारित है।
Also Read
पीले पड़ गए जूतों को इन 3 आसान तरीकों से करें क्लीन, पानी से धोने की नहीं पड़ेगी जरूरत