पत्ता गोभी एक ऐसी सब्जी है जो लगभग हर मौसम में आसानी से मिल जाती है। ज्यादातर घरों में इसकी सूखी सब्जी बनाई जाती है। तो वहीं कुछ लोग इसे पास्ता या चाउमीन जैसी डिशेज में भी इस्तेमाल करते हैं। हालांकि कई लोगों को यह ज्यादा पसंद नहीं होती है। ऐसे में आप इससे कुछ अलग रेसिपी ट्राई कर सकते हैं जो कम समय में बन सकती है। आज हम आपको पत्ता गोभी से जुड़ी कुछ ऐसी ही रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे आप लंच, डिनर, नाश्ता, स्नैक्स या हल्की भूख में आसानी से बना सकते हैं।
पराठा
सुबह के समय नाश्ते में पत्ता गोभी के पराठे बनाना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसके लिए सबसे पहले पत्ता गोभी को बारीक काट लें और इसमें हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, धनिया, अदरक और मसालों को मिलाकर स्टफिंग तैयार कर लें। आप चाहें तो इस स्टफिंग को हल्का फ्राई भी कर सकते हैं। इसे गेहूं के आटे की लोई में भरकर सुनहरा दोनों तरफ सुनहरा होने तक पकाएं। इसे आप दही, अचार या चटनी के साथ सर्व करें।
पकौड़े
गरम-गरम चाय के साथ प्याज या आलू के नहीं बल्कि इस बार पत्ता गोभी के पकौड़े ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए पत्ता गोभी को बारीक काटकर बेसन, नमक, लाल मिर्च पाउडर, अजवाइन और थोड़ा सा चावल का आटा मिक्स करके घोल तैयार कर लें। अब इन्हें तेल गर्म करके तल लें। इसे आप चटनी या सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं।
मंचूरियन
इंडो चाइनीज खाने का मन है तो पत्ता गोभी मंचूरियन स्वादिष्ट रेसिपी साबित हो सकती है। इसके लिए पत्ता गोभी को कद्दूकस करें। अब एक बाउल में मैदा, पत्ता गोभी, कॉर्न फ्लोर और मसालों को मिलाकर बॉल्स बनाएं। इन्हें हल्का फ्राई करने के बाद सोया सॉस, अदरक, लहसुन, शिमला मिर्च और अन्य सामग्री के साथ ग्रेवी तैयार करके उसमें फ्राई किए हुए बॉल्स मिलाएं। इसे आप फ्राइड राइस या नूडल्स के साथ सर्व कर सकते हैं।
सलाद
कुछ हेल्दी और हल्का खाना चाहते हैं तो पत्ता गोभी सलाद रेसिपी अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसके लिए पत्ता गोभी को बारीक काट लें। साथ ही गाजर, खीरा, शिमला मिर्च और हरे धनिया को भी बारीक काट लें। अब इसमें ऊपर से नींबू का रस, काली मिर्च और हल्का नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर लें।
फ्राइड राइस
कई बार चावल ज्यादा बन जाते हैं जिसे आप कुछ नया स्वाद दे सकते हैं। इसके लिए एक पैन में तेल गरम करें। अब इसमें जीरा, पत्ता गोभी, प्याज, शिमला मिर्च, गाजर जैसी सब्जियों को डालकर हल्का भून लें। अब इसमें पके हुए चावल और मसाले डालकर कुछ मिनट पकाएं। इस रेसिपी को लंच या डिनर के लिए बनाया जा सकता है।
अगर आप पत्ता गोभी को हर बार एक ही तरीके से बनाते हैं तो इस बार इन अलग-अलग रेसिपीज को ट्राई कर सकते हैं। इससे खाने का स्वाद बदलेगा और रोज की थाली में कुछ वैरायटी भी जुड़ जाएगी।
