लोग अक्सर वीकेंड का इंतजार करते हैं ताकि वो खुलकर जी पाएं। यह वीकेंड और भी खास बन जाता है जब आपका पार्टनर आपके साथ हो। इन दिनों मौसम का मिजाज थोड़ा गर्म है। ऐसे में कई बार लोग सोचते हैं कि बाहर जाने की बजाय इस बार वीकेंड पर घर पर ही रहें। ताकि गर्मी से भी बचा जा सके और फालतू के खर्चों से भी। हर वीकेंड बाहर घूमने या महंगे रेस्टोरेंट जाने की जरूरत नहीं होती। आप घर पर रहकर भी वीकेंड को रोमांटिक और मजेदार बना सकते हैं। इससे आपके रिश्ते को मजबूती मिलेगी।

“नो फोन” डेट चैलेंज रखें

अगर आप पार्टनर के साथ वीकेंड को इस बार कुछ अलग अंदाज में खास बनाना चाहते हैं तो सबसे पहले दोनों ही लोग “नो फोन” डेट चैलेंज रखें। इसके लिए ज्यादा नहीं तो 2-3 घंटे के लिए दोनों अपने फोन साइलेंट करके अलग रख दें। इस दौरान सिर्फ एक-दूसरे से बात करें, गेम खेलें या साथ में कोई एक्टिविटी करें।

साथ में नई रेसिपी बनाएं

वीकेंड पर आप दोनों एक साथ यूट्यूब देखकर कोई नई डिश, पिज्जा, पास्ता या डेजर्ट बनाने की कोशिश करें। इससे न केवल आपको साथ में वक्त गुजारने में अच्छा लगेगा बल्कि बाहर से कुछ ऑर्डर करने पर होने वाला खर्चा भी बच जाएगा।

कपल बकेट लिस्ट बनाएं

वीकेंड पर एक साथ बैठकर आप ऐसी चीजों की लिस्ट तैयार करें जो आप दोनों भविष्य में करना चाहते हैं। जैसे किसी जगह घूमना, नया कौशल सीखना या कोई एडवेंचर ट्राई करना। यकीन मानिए इसमें आपका वक्त कैसे गुजर जाएगा आपको पता नहीं चलेगा।

एक-दूसरे के लिए सरप्राइज नोट्स लिखें

छोटे-छोटे नोट्स में अपनी भावनाएं लिखकर पार्टनर को दें। यह बहुत सिंपल सी चीज है लेकिन दिल छू लेने वाला तरीका है। इससे आपको एक-दूसरे को समझने का मौका भी मिलेगा।

सुबह या शाम की वॉक पर जाएं या घर पर मूवी डेट प्लान करें

वीकेंड पर आप घर के पास किसी पार्क या शांत जगह पर साथ घूमने जा सकते हैं। एक-दूसरे का हाथ पकड़कर आप साथ में टहलें और ढेर सारी बातें करें। अपनी पसंदीदा फिल्मों या वेब सीरीज की लिस्ट बनाएं और साथ में उसे देखें।