अगर आप भी सुबह नाश्ते को हेल्दी बनाना चाहते हैं तो उसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। सुबह की भागदौड़ में कई बार कुछ पौष्टिक बनाने का लोगों के पास समय नहीं होता है। ऐसे में आपके लिए ओवरनाइट ओट्स बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। इसे खाने न केवल आपको पोषण मिलेगा बल्कि पूरे दिन शरीर को ऊर्जा मिलती रहेगी।

लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होगा। साथ ही प्रोटीन और फाइबर का भरपूर डोज मिलेगा। ओट्स के साथ चिया सीड्स, सत्तू, ड्राई फ्रूट्स और अलग-अलग बीज मिलाकर इसे रातभर फ्रिज में रखा जाता है और सुबह बिना ज्यादा मेहनत के तैयार नाश्ता मिल जाता है। आइए जानते हैं हाई-प्रोटीन और फाइबर से भरपूर ओवरनाइट ओट्स बनाने का आसान तरीका और इसे खाने के संभावित फायदे।

हाई-प्रोटीन ओवरनाइट ओट्स रेसिपी

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

3 बड़े चम्मच ओट्स
1 बड़ा चम्मच चिया सीड्स
1 बड़ा चम्मच कद्दू के बीज
1 बड़ा चम्मच सूरजमुखी के बीज
½ बड़ा चम्मच अलसी के बीज
3–4 काजू
10–12 बादाम
1 मुट्ठी ड्राई बेरीज (जैसे क्रैनबेरी या ब्लूबेरी)
10–12 किशमिश
1–2 खजूर (बीज निकालकर)
2 बड़े चम्मच सत्तू (भुने चने का आटा)
½ बड़ा चम्मच कोको पाउडर
1 छोटा चम्मच शहद (वैकल्पिक)
1 से 1½ कप दूध (डेयरी या प्लांट-बेस्ड)

बनाने का नोट कर लें तरीका

सबसे पहले एक एयरटाइट कांच या स्टील के कंटेनर लें। उसमें ओट्स डालें। फिर उसमें चिया सीड्स, कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज और अलसी के बीज मिलाएं। फिर अब काजू, बादाम, किशमिश, ड्राई बेरीज और कटे हुए खजूर डालें। इसके बाद सत्तू और कोको पाउडर मिलाएं। फिर स्वाद के लिए शहद डाल सकते हैं। इसके बाद ऊपर से दूध डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। कंटेनर बंद कर दें। उसे रातभर (8–10 घंटे) फ्रिज में रखें। सुबह इसे निकालकर ऐसे ही खा सकते हैं। इसे और ज्यादा टेस्टी और पौष्टिक बनाने के लिए ऊपर से ताजे फल और नट्स डालकर सर्व करें।

इसे खाने के संभावित फायदे

यह रेसिपी प्रोटीन से भरपूर है। इसे बनाने में सत्तू, दूध और ओट्स इस्तेमाल किए गए हैं जो कि अच्छी मात्रा में प्रोटीन देते हैं। इसे खाने से आपको फाइबर भी मिलेगा। बादाम, अलसी और सूरजमुखी के बीज में हेल्दी फैट्स होते हैं, जो हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हो सकते हैं। ऊर्जा बनाए रखने में मदद: ओट्स और सूखे मेवे से मिलने वाले कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट धीरे-धीरे ऊर्जा प्रदान करते हैं। यह विटामिन और मिनरल्स का स्रोत भी है। इसमें नट्स और सीड्स में मैग्नीशियम, आयरन, जिंक और विटामिन E जैसे पोषक तत्व मिलते हैं। अलसी और चिया सीड्स ओमेगा-3 का अच्छा स्रोत हैं।