दीवाली से पहले लोग अपने घरों की साफ-सफाई करते हैं। इस दौरान घर के कोने-कोने को साफ किया जाता है, जिसमें बेडबॉक्स की सफाई भी शामिल है। कई बार बेडबॉक्स में लोग बिना व्यवस्थित किए सामान रख देते हैं, जिसके चलते वह अव्यवस्थित नजर आता है। कुछ समय बाद उसमें कपड़े या अन्य सामान रखने की जगह नहीं बचती। दीवाली की सफाई में बेडबॉक्स को साफ करने के लिए कुछ तरीके अपनाएं जा सकते हैं। इससे बेड बॉक्स में पर्याप्त जगह बनती है, जिसमें आप कम इस्तेमाल होने वाले सामान आसानी से रख सकते हैं। आइए जानते बेडबॉक्स में जगह बनाने के लिए कपड़े किस तरह से रखने चाहिए।

1- कपड़ों को रखने का तरीका

सबसे पहले बेडबॉक्स को पूरी तरह खाली कर दें। इसमें जमी धूल-मिट्टी और अन्य गंदगी को साफ करने के बाद कुछ देर के लिए खुला छोड़ दें ताकि हल्की गंध दूर हो जाए। दरअसल, बंद रहने के दौरान बेडबॉक्स में सीलन की गंध आने लगती है। इसे खाली करने के बाद कपड़ों को एक साथ वापस न रखें। सबसे पहले उन्हें अलग-अलग ढेर में बांटें- रोज पहनने वाले, मौसम के हिसाब से इस्तेमाल होने वाले, त्योहारों के कपड़े और कम इस्तेमाल होने वाले कपड़ों को अलग-अलग कर लें।

2- फोल्ड नहीं रोल करके रखें

लेगिंग, बच्चों के कपड़े, टी-शर्ट, नाइट सूट और हल्के कपड़ों को फोल्ड करने पर वे जगह ज्यादा घेरते हैं। ऐसे में उन्हें रोल करके रखने से जगह की बचत हो सकती है।

3- वैक्यूम बैग में रखें भारी कपड़े और बिस्तर

रजाई, कंबल, जैकेट और दूसरे भारी कपड़े बेडबॉक्स में जगह अधिक घेरते हैं। इन्हें वैक्यूम स्टोरेज बैग में रखकर जगह की बचत की जा सकती है।

4- छोटे कपड़ों को रखने का तरीका

छोटे कपड़े जैसे- मोजे, स्कार्फ, बेल्ट, स्टोल या बच्चों के छोटे कपड़ों को सीधे बेडबॉक्स में रखने से सामान बिखर जाता है और साथ ही जगह भी ज्यादा इस्तेमाल होती है। ऐसे में इन्हें छोटे फैब्रिक बॉक्स या ऑर्गनाइजर में रखने से ये व्यवस्थित रहते हैं और जगह की भी बचत होती है।

5- यह तरीका भी अपनाएं

बेडबॉक्स में मौसम के हिसाब से सामान रखें। जिन कपड़ों या चादरों की जरूरत अभी है, उन्हें ऊपर रखें और अगले मौसम में इस्तेमाल होने वाले सामान को नीचे रखें। जो पुराने कपड़े इस्तेमाल में नहीं हैं, उन्हें बेडबॉक्स में न रखें। इससे जगह की काफी बचत हो सकती है।

इस तरह आप दीवाली से पहले बेडबॉक्स की सफाई कर कपड़ों को आसानी से व्यवस्थित तरीके से रख सकते हैं। इससे बेडबॉक्स में जगह का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे कम इस्तेमाल होने वाले अन्य सामानों को भी उसमें रख सकते हैं।

यह भी पढ़ें
दीवाली की सफाई किचन से करें शुरू, इन 7 तरीकों से चमकाएं कोना-कोना