बालकनी जब हरी-भरी रहती है तो घर का रौनक और भी बढ़ जाता है। कई पौधे घर के वातावरण को शुद्ध करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इन पौधों की देखभाल करना जरूरी होता है। कई बार खाद की कमी के चलते मिट्टी की उर्वरता कम होने लगती है। ऐसे में पौधे सूखने या मुरझाने लगते हैं। इसके लिए हम मार्केट से महंगी खाद ले आते हैं। लेकिन घर में कई ऐसी चीजें हैं जिनके जरिए आप ऑर्गेनिक खाद बना सकते हैं और इसमें फल और सब्जियों के छिलके भी शामिल हैं।
अक्सर हम सब्जियों और फलों के छिलकों को कचरा समझकर फेंक देते हैं। लेकिन इन छिलकों को फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है। इस ऑर्गेनिक खाद की मदद से पौधों का विकास तेजी हो सकता है। आइए जानते हैं कैसे तैयार करें खाद:
पहला तरीका
सबसे पहले सब्जियों और फलों के छिलकों को एक बाल्टी में 4-5 दिनों तक इकट्ठा करते रहें। इतने दिनों में ठीक-ठाक कचरा इकट्ठा हो जाएगा। इसके बाद इन छिलकों को धूप में डालकर सुखा दें। जब ये पूरी तरह से सूख जाए तो इसे एक बाल्टी में डाल दें। बाल्टी में गोबर और पानी डालकर किसी ठंडी जगह पर कुछ दिनों के लिए रख दें।
इस गोबर के घोल में छिलकों को चार से पांच दिनों तक रहने दें। इतने दिन में खाद अच्छे से तैयार हो सकती है। अब इस खाद को पौधों में डाल सकते हैं। हफ्ते में एक बार डालने से पौधों के विकास में तेजी आ सकती है।
दूसरा तरीका
फल और सब्जियों के छिलकों को सीधे गमले में भी डाल सकते हैं। एक बड़ा खाली गमला लें और उसमें 2-3 इंच मोटी मिट्टी की परत बिछा दें। फिर फलों और सब्जियों के छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़े में काटकर एक परत बिछा दें। इसके बाद इनके ऊपर सूखे पत्तों की परत बिछा दें। अब ऊपर से मिट्टी की परत बिछा दें। पानी का छिड़काव कर धूप में रख दें। समय-समय पर पानी डालते रहें। करीब 30 से 40 दिनों में कंपोस्ट तैयार हो सकती है। तैयार खाद को गमले से निकालकर अच्छी तर मिलाएं। अब इसे पौधों की मिट्टी में मिला सकते हैं।
तीसरा तरीका
फलों और सब्जियों के छिलकों से लिक्विड फर्टिलाइजर भी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले सब्जी और फलों के छिलकों को एक जार में डालकर उसमें पानी भर दें और ढक्कन बंद कर दें। दो से तीन दिन बाद पानी को छान लें। इस पानी को सीधा पौधों में डाल सकते हैं।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।
Also Read
मनी प्लांट के सूखने और पत्तियों के पीले होने की वजह, यहां जानें देखभाल के आसान तरीके
