संतरा खाने के बाद अधिकतर लोग उसके छिलकों को बेकार समझकर कूड़े में फेंक देते हैं। वहीं, संतरे के छिलकों में कई तरह के जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो आपके गार्डन के लिए बेहतरीन नेचुरल खाद बन सकते हैं। संतरे के छिलकों से तैयार फर्टिलाइजर मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ पौधों की ग्रोथ और हरियाली को बेहतर बनाने में मददगार हो सकता है।

संतरे के छिलकों में होते हैं माइक्रोन्यूट्रिएंट्स

संतरे के छिलकों में नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटैशियम और कई तरह के माइक्रोन्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं, जो पौधों की जड़ों को मजबूत बनाने और पत्तियों की हरियाली बढ़ाने में मदद करते हैं। वहीं, पौधों में इसे डालने से कीड़े भी दूर रहते हैं।

पाउडर बनाकर करें उपयोग

संतरे के छिलकों से आप नेचुरल खाद बना सकते हैं। वैसे तो इसे कई तरह से उपयोग किया जा सकता है। इसका उपयोग पाउडर के रूप में भी किया जा सकता है। इसके लिए संतरे के छिलकों को धूप में अच्छी तरह सुखा लें। जब ये पूरी तरह सूख जाएं, तो मिक्सर में पीसकर पाउडर तैयार कर लें। इस पाउडर को मिट्टी में मिलाएं या पौधों की जड़ों के पास डाल दें। धीरे-धीरे यह मिट्टी में घुलकर पौधों को पोषण देता रहेगा।

लिक्विड फर्टिलाइजर

संतरे के छिलकों से आप लिक्विड फर्टिलाइजर भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए छिलकों को छोटे टुकड़ों में काटकर पानी में दो दिनों के लिए भिगो दें। अब छिलकों को पानी से निकाल लें और उस पानी को पौधों में डालें। यह घोल पौधों को पोषण देता है।

सीधे मिट्टी में डालें

संतरे के छिलकों का उपयोग आप सीधे मिट्टी में भी कर सकते हैं। इसके लिए संतरे के छिलकों को छोटे टुकड़ों में काटें और सीधे मिट्टी के नीचे दबा दें। इससे वे कुछ ही दिनों में गलकर खाद बन जाएंगे। वहीं, पौधों में संतरे की खाद का उपयोग सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। अधिक मात्रा मिट्टी की एसिडिटी बढ़ा सकती है।