गर्मी के मौसम में हल्का भोजन करने की सलाह दी जाती है। तेज गर्मी में हमारा पाचन तंत्र थोड़ा धीमा हो जाता है, इसलिए भारी और तला-भुना, ज्यादा मसालेदार खाने से पेट पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे अपच, गैस, एसिडिटी और सुस्ती जैसी समस्या होने लगती है। वहीं, हल्का भोजन शरीर को ठंडक देता है और ऊर्जावान भी बनाए रखता है।

गर्मी के मौसम में नाश्ते से लेकर लंच और डिनर तक हल्का भोजन करना बेहतर माना जाता है। खासतौर पर दोपहर के समय ऐसा खाना चुनना चाहिए जो पेट को भारी न करे और शरीर को जरूरी पोषण भी दे। ऐसे में आप सब्जियों वाली मूंग दाल खिचड़ी ट्राई कर सकते हैं। मूंग दाल आसानी से पचने वाली मानी जाती है और इसमें प्रोटीन, फाइबर व कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें डाली गई सब्जियां शरीर को विटामिन और मिनरल्स प्रदान करती हैं। इसे बनाना भी काफी आसान है। आइए जानते हैं इसकी विधि क्या है:

सब्जियों वाली मूंग दाल खिचड़ी में डाली जाने वाली सामग्री | Healthy Moong Dal Khichdi Recipe

आधा कप धुली पीली मूंग दाल
आधा कप चावल
1/4 कप मटर
1/4 कप गाजर (बारीक कटी हुई)
आधा कप ब्रोकली
1/4 कप बारीक कटी हुई बीन्स (वैकल्पिक)
1/4 कप बारीक कटी हुई शिमला मिर्च और लौकी (वैकल्पिक)
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
नमक स्वादानुसार
1 बड़ा चम्मच देसी घी
3 कप या जरूरत के अनुसार पानी

सब्जियों वाली मूंग दाल खिचड़ी में बनाने की विधि | Quick Moong Dal Khichdi Recipe in Hindi

स्टेप 1
सबसे पहले मूंग दाल और चावल को एक बाउल में डालकर 2-3 बार पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इन्हें 10-15 मिनट के लिए भिगोकर रख दें, इससे खिचड़ी जल्दी पकती है और दाने नरम बनते हैं।

स्टेप 2
मटर छील लें, गाजर, ब्रोकली, बीन्स, शिमला मिर्च और लौकी को धोकर बारीक काट लें और इन्हें एक प्लेट में अलग रख दें।

स्टेप 3
अब प्रेशर कुकर में भीगी हुई मूंग दाल और चावल डालें। इसके बाद मटर, गाजर, ब्रोकली, बीन्स, शिमला मिर्च और लौकी डाल दें। अब इसमें हल्दी पाउडर, नमक और 3 कप पानी या जरूरत के अनुसार मिला दें। इन सभी चीजों को हल्का सा मिक्स कर लें।

स्टेप 4
कुकर का ढक्कन बंद करें और मध्यम आंच पर 2-3 सीटी आने तक पकाएं। अगर आप खिचड़ी ज्यादा नरम पसंद करते हैं, तो 1 सीटी और लगा सकते हैं।

स्टेप 5
गैस बंद करने के बाद कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें। इसके बाद खिचड़ी को हल्का मैश करें, ताकि इसका टेक्सचर क्रीमी और सॉफ्ट हो जाए। अब ऊपर से 1 बड़ा चम्मच देसी घी डालें और अच्छी तरह मिक्स करें।

इन चीजों के साथ करें सर्व
गरमागरम सब्जियों वाली मूंग दाल खिचड़ी को दही, छाछ, पापड़ या हल्के सलाद के साथ परोस सकते हैं।

Alos Read
लंच में कुछ हल्का खाना है, तो कम समय में बना लें झटपट दही और धनिया राइस