पुराने तौलिये को अक्सर लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं। हालांकि, इन तौलियों को आप स्मार्ट तरीके से दोबारा उपयोग कर घरेलू कामों को भी आसान बना सकते हैं। पुराने तौलिये मोटे, ज्यादा पानी सोखने वाले और मजबूत होते हैं, जो सफाई से लेकर किचन और गार्डन तक में बड़े काम आ सकते हैं।

ऐसे में अगर आप भी अपने पुराने तौलिये को फेंकने वाले हैं, तो रुकिए… आप भी इन तौलियों को स्मार्ट तरीके से दोबारा यूज कर सकते हैं। यहां हम आपके लिए पांच आसान आइडिया लेकर आए हैं, जिन्हें आप फॉलो कर सकते हैं।

डोरमैट या किचन मैट करें तैयार

आप पुराने तौलिये का उपयोग डोरमैट या किचन मैट के तौर पर कर सकते हैं। अगर तौलिया मोटा है, तो इसे मोड़कर या सिलकर दरवाजे के पास बिछाएं। यह जूतों से आने वाली धूल और गंदगी को रोकने में मदद करेगा। आप किचन सिंक के पास भी इसे मैट की तरह उपयोग कर सकते हैं।

पोछा या डस्टिंग क्लॉथ बनाएं

पुराने तौलिये को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर इसे फर्श, खिड़की या फर्नीचर साफ करने में उपयोग किया जा सकता है। आप इससे गाड़ी भी साफ कर सकते हैं। मोटी तौलियों में पानी सोखने की अधिक क्षमता होती है, ऐसे में यह गीली सफाई के लिए भी परफेक्ट होती हैं।

तौलिये से बनाएं पालतू जानवरों के लिए बिछावन

पुराने तौलिये का उपयोग पालतू जानवरों के लिए बिछावन के रूप में भी किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले पुराने तौलिये को धोकर फोल्ड कर दें और इसे पेट के सोने की जगह पर रख दें। इससे आपके पेट को गर्माहट और आराम मिलेगा।

पुराने तौलिये से करें पैकिंग

कांच के बर्तन या नाजुक सामान पैक करते समय पुराने तौलिये का उपयोग किया जा सकता है। यह एक बेहतरीन कुशन का काम करता है, जिससे सामान सुरक्षित रहता है।

गार्डनिंग में करें उपयोग

कई बार गमले में पानी डालने के बाद आसपास पानी फैल जाता है। ऐसे में पुराने तौलिये को आप गमले के नीचे रख सकते हैं। यह पानी को आसानी से सोख लेगा, जिससे पानी नहीं फैलेगा। इसके अलावा पुराने तौलिये का उपयोग पौधों की सफाई में भी किया जा सकता है।