अलमारी में रखी फटी-पुरानी साड़ी को अक्सर बेकार समझकर फेंक दिया जाता है। कई बार यह साड़ी नई ही होती है, लेकिन कुछ जगह से फट जाने की वजह से यह खराब हो जाती है। ऐसे में महिलाएं इसे यूज करने की बजाय फेंक देती हैं।

वहीं, फटी-पुरानी साड़ी को थोड़ी-सी क्रिएटिविटी से नया और स्टाइलिश लुक दिया जा सकता है। अगर आपकी भी मनपसंद साड़ी पुरानी हो गई है, तो आप इसे फिर से उपयोग में ले सकती हैं। यहां हम आपके लिए कुछ रीयूज आइडिया लेकर आए हैं, जिन्हें आप आसानी से फॉलो कर सकती हैं।

फटी साड़ी से बनाएं स्टाइलिश कुर्ती या श्रग

कई बार साड़ी नई होती है, लेकिन किनारे से हल्की फट जाती है। ऐसे में फेंकने की बजाय आप इससे आसानी से कुर्ती, टॉप या लॉन्ग श्रग तैयार कर सकती हैं। खासतौर पर सिल्क, कॉटन या जॉर्जेट साड़ी से तैयार इंडो-वेस्टर्न आउटफिट काफी बेहतर नजर आते हैं। आप पल्लू के डिजाइन को गले या बाजू पर इस्तेमाल कर सकती हैं। इस तरह आप अपनी पुरानी साड़ी को मॉडर्न ड्रेस में बदल सकती हैं।

बच्चों के कपड़े करें तैयार

पुरानी साड़ी से आप बच्चों के लिए फ्रॉक, लहंगा-चोली या कुर्ता तैयार कर सकती हैं। अगर कॉटन साड़ी फटी है, तो उससे बच्चों के कपड़े जरूर तैयार करें। दरअसल, कॉटन साड़ी मुलायम होती है और यह बच्चों की त्वचा के लिए भी सुरक्षित होती है।

पुरानी साड़ी से बनाएं स्टाइलिश बैग

पुरानी साड़ी से आप स्टाइलिश बैग भी तैयार कर सकती हैं। खास तौर पर पुरानी साड़ी से तैयार हैंडबैग या शॉपिंग बैग काफी स्टाइलिश नजर आते हैं। अगर आपके पास पुरानी बनारसी साड़ी है, तो उससे पोटली बैग भी तैयार किया जा सकता है। यह शादी या किसी पार्टी फंक्शन के लिए बेहतर होता है।

दुपट्टा-स्टोल करें तैयार

फटी-पुरानी साड़ी से आप दुपट्टा या स्टोल भी तैयार कर सकती हैं। इसे आप सूट या कुर्ती के साथ कैरी कर सकती हैं। इससे आपका लुक और भी यूनिक और ट्रेंडी नजर आएगा। आप इसमें हल्की कढ़ाई या लेस लगाकर इसे और भी आकर्षक बना सकती हैं।

पुरानी साड़ी से बनाएं होम डेकोर आइटम

पुरानी साड़ी से आप होम डेकोर आइटम भी तैयार कर सकती हैं। इससे आप कुशन कवर, तकिए का कवर, परदे या सोफा कवर भी बना सकती हैं। अगर साड़ी पर कढ़ाई अधिक है, तो उससे फैब्रिक ज्वेलरी या हेयरबैंड भी बनाया जा सकता है।