पुरानी जींस को अक्सर लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं या फिर यह अलमारी में ही पड़ी रह जाती है। हालांकि, थोड़ी-सी क्रिएटिविटी से इन्हें शानदार होम डेकोर आइटम में बदला जा सकता है। दरअसल, जींस का कपड़ा काफी मजबूत होता है। ऐसे में आप इससे लंबे समय तक चलने वाले सजावटी सामान तैयार कर सकते हैं।

अगर आपके घर में भी पुरानी जींस है, तो उसे फेंकने की बजाय आप उससे कुछ होम डेकोर आइटम तैयार कर सकते हैं। इस आर्टिकल में हम आपके लिए कुछ ऐसे ही होम डेकोर आइटम के आसान और क्रिएटिव आइडिया लेकर आए हैं, जिन्हें आप कम खर्च में घर पर ही तैयार कर सकते हैं और अपने घर को स्टाइलिश लुक दे सकते हैं।

डेनिम कुशन कवर

पुरानी जींस से आप घर पर ही डेनिम कुशन कवर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए जींस के पैरों वाले हिस्से को काटकर कुशन के आकार में सिल लें। अगर आप कुशन को और भी स्टाइलिश बनाना चाहते हैं, तो जींस के पॉकेट वाले हिस्से को सामने की ओर रख सकते हैं। इससे कुशन और भी स्टाइलिश नजर आएगा।

Award Banner

स्टोरेज ऑर्गेनाइजर

पुरानी जींस से आप दीवार पर टांगने वाला ऑर्गेनाइजर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। दरअसल, जींस की जेबें छोटी-छोटी चीजें रखने के लिए परफेक्ट होती हैं। इसे तैयार करने के लिए जींस के ऊपरी हिस्से को काटकर किसी मजबूत कपड़े पर सिल दें। इसमें चाबियां, चार्जर, स्टेशनरी या किचन के छोटे सामान आसानी से रखे जा सकते हैं।

गमले के लिए कवर

अगर आपके घर में छोटे गमलों में पौधे लगे हुए हैं, तो आप जींस से गमले का कवर भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए जींस के कपड़े से गमले को कवर करें और ऊपर से फोल्ड कर दें। इससे बालकनी या लिविंग रूम में रखे पौधे और भी सुंदर दिखेंगे।