अलमारी खोलते ही कई ऐसे दुपट्टे मिल जाते हैं जिन्हें अब पहनने का मन नहीं करता, लेकिन उन्हें फेंकने का भी मन नहीं होता। पसंदीदा प्रिंट, खूबसूरत बॉर्डर या कढ़ाई देखकर लगता है कि इसे किसी तरह बचा लिया जाए। ऐसे में आप अगर थोड़ी सी क्रिएटिविटी दिखा सकती हैं तो पुराने दुपट्टे को अलमारी में पड़े रहने देने के बजाय घर की सजावट में दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए बहुत ज्यादा खर्च करने की भी जरूरत नहीं है। बस दुपट्टे के कपड़े और डिजाइन के हिसाब से सही जगह चुननी है। यहां जानिए ऐसे आसान आइडिया, जिन्हें आप घर पर आसानी से आजमा सकते हैं।
खूबसूरत दुपट्टे को बनाएं वॉल डेकोर
अगर आपके पास ऐसा दुपट्टा है जिसके ऊपर कढ़ाई, मिरर वर्क, जरी या खूबसूरत प्रिंट है, तो उसे काटे नहीं। इसके बजाय पूरा ही दीवार पर सजा सकती हैं। इसे लकड़ी की रॉड पर टांगें या फ्रेम में लगाएं। इससे खाली दीवार को बिना ज्यादा खर्च के नया लुक मिल सकता है। खासतौर पर ऐसा दुपट्टा चुनें जिसका डिजाइन दूर से भी साफ नजर आए।
सोफा या बेड के लिए कुशन कवर बनाएं
पुराने दुपट्टे का बॉर्डर या पल्लू वाला हिस्सा कुशन कवर के आगे इस्तेमाल करें। इससे आपका पुराना कुशन भी थोड़ा डिजाइनर लग सकता है। कॉटन या थोड़े मजबूत कपड़े का दुपट्टा इस काम के लिए ज्यादा सही रहेगा। जिप की जगह पीछे ओवरलैप वाला कवर भी बना सकती हैं। ऐसा करने से सिलाई करना भी आसान हो जाएगा।
डाइनिंग टेबल पर बनाएं रनर
लंबे और ज्यादा चौड़े न होने वाले दुपट्टे को टेबल रनर की तरह इस्तेमाल कर सकती हैं। इसमें अक्सर कटिंग की जरूरत नहीं पड़ती है। खास बॉर्डर या प्रिंट वाला दुपट्टा साधारण डाइनिंग या सेंटर टेबल को भी फेस्टिव लुक दे सकता है।
हल्के दुपट्टे से बनाएं छोटा पर्दा
कॉटन, मलमल या दूसरे हल्के और अच्छी हालत वाले दुपट्टे को छोटी खिड़की, अलमारी के खुले हिस्से या कमरे के किसी ओपन स्पेस में पर्दे की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। बहुत भारी या नाजुक दुपट्टे को रोज खुलने-बंद होने वाले पर्दे के लिए इस्तेमाल न करें।
पूजा या किसी खास कोने के लिए बैकड्रॉप
अगर दुपट्टा पारंपरिक प्रिंट, जरी या कढ़ाई वाला है, तो उसे पूजा की जगह, फोटो कॉर्नर या किसी छोटे डेकोर एरिया के पीछे बैकड्रॉप की तरह लगाया जा सकता है। त्योहारों पर यह तरीका खासतौर पर अच्छा लगेगा और बाद में दुपट्टे को हटाकर सामान्य रूप में भी रखा जा सकता है।
पुराने दुपट्टे के सिर्फ बॉर्डर का इस्तेमाल करें
अगर पूरा दुपट्टा इस्तेमाल करने लायक नहीं बचा है लेकिन उसका बॉर्डर अभी भी अच्छा है, तो उसे फेंकने की जरूरत नहीं। बॉर्डर को काटकर सादे कुशन कवर, टेबल मैट, कपड़े के स्टोरेज बॉक्स या छोटे वॉल फ्रेम के किनारे लगाया जा सकता है। इस तरह कम कपड़े में भी उसका सबसे खूबसूरत हिस्सा बच जाएगा।
