शायद ही कोई ऐसा हो, जिसके पास चेक शर्ट न हो। समय के साथ जब ये हल्के फट जाते हैं या इनका रंग फीका पड़ जाता है, तो अक्सर लोग इसे अलमारी के किसी कोने में रख देते हैं या फेंक देते हैं। लेकिन पुरानी चेक शर्ट की मदद से आप कई तरह की सजावटी चीजें बना सकते हैं। दरअसल, कई बार हल्की फटने या ट्रेंड से आउट होने पर भी लोग शर्ट को पहनना छोड़ देते हैं। अगर आपके पास भी ऐसी चेक शर्ट है जिसकी रंगत अभी बरकरार है और उसका फैब्रिक मजबूत है, तो अपने घर की सजावट में उसका तीन तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं।

1- बनाएं खूबसूरत लाइट

अगर आपके घर में कांच का खाली जार और पुरानी चेक शर्ट पड़ी है, तो उसकी मदद से खूबसूरत लाइट बना सकते हैं। शाम के समय जलाने पर रोशनी जब चेक कपड़े से छनकर बाहर आती है, तो कमरे में एक अच्छा और गर्मजोशी भरा माहौल बनता है।

कैसे बनाएं

पुरानी चेक शर्ट से जार की ऊंचाई के बराबर और उसकी परिधि से थोड़ा अधिक लंबा कपड़ा काट लें। कपड़े को जार के चारों ओर लपेटकर देखें कि वह पूरी तरह फिट हो रहा है या नहीं। अब कपड़े के पीछे की तरफ फैब्रिक ग्लू की पतली परत लगाएं और इसे जार के चारों ओर सावधानी से चिपका दें। कपड़े के दोनों सिरों को अच्छी तरह जोड़ दें, ताकि खुलने न पाए। अब जार के ऊपरी या निचले हिस्से पर जूट की रस्सी, लेस या पतली रिबन बांधकर इसे और आकर्षक बना सकते हैं। जार के अंदर बैटरी वाली LED टी लाइट रखें। चेक कपड़े के बीच छनकर आती रोशनी दिखने में काफी खूबसूरत लग सकती है।

2- कुशन कवर

कुशन को सजाने के लिए अक्सर लोग बाजार से कवर खरीदते हैं। लेकिन आप घर पर ही पुरानी चेक शर्ट की मदद से आकर्षक कुशन कवर तैयार कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए कपड़े का ज्यादा रंग उड़ा नहीं होना चाहिए और साथ ही वह मजबूत हो।

बनाने का तरीका

इसके लिए शर्ट के आगे या पीछे के हिस्से को कुशन के आकार के अनुसार काट लें और किनारों को सिलकर कवर तैयार कर लें। शर्ट में लगी जेब के हटाने के बजाय उसे कवर पर ही इस्तेमाल कर सकते हैं। यह कुशन को एक अलग लुक देगा।

3- फूलदान की करें सजावट

फूलदान कमरे के लुक को आकर्षक बनाने में मदद करते हैं। लेकिन पुरानी चेक शर्ट की मदद से आप फूलदान को और भी ज्यादा खूबसूरत बना सकते हैं। इसकी मदद से आप कांच के पुराने फूलदान या बोतल को नया और स्टाइलिश लुक दे सकते हैं।

कैसे बनाएं

सबसे पहले शर्ट के कपड़े को बोतल या फूलदान की ऊंचाई और चौड़ाई के हिसाब से काट लें। अब कपड़े को इसके चारों ओर अच्छी तरह लपेटकर पीछे की तरफ गोंद या कपड़े की पट्टी से चिपका दें। इसके बाद ऊपर या बीच में जूट की रस्सी को दो-तीन बार लपेटकर बांध दें। इससे कपड़ा अपनी जगह पर बना रहेगा और फूलदान को देसी लुक मिलेगा। इसमें आप ताजे फूलों के साथ घास या सजावटी टहनियां भी रख सकते हैं। इस तरह आप अपने बेकार पड़ी पुरानी शर्ट की मदद से घर के लिए ये सजावटी चीजें बना सकते हैं।

यह भी पढ़ें
नारियल का खोल भी आ सकता है काम, इस तरह करें घर की सजावट में इस्तेमाल