चाय के साथ नमकीन खाने के शौकीन हैं लेकिन तली-भुनी चीजों से बचना चाहते हैं, तो माइक्रोवेव में ऑयल-फ्री चिवड़ा मसाला मिक्सचर तैयार कर सकते हैं। यह हेल्दी स्नैक का एक अच्छा विकल्प हो सकता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे कम समय में तैयार किया जा सकता है और इसमें अपनी पसंद के अनुसार ड्राई फ्रूट्स, मसाले और भुने हुए अनाज मिलाकर स्वाद भी बढ़ाया जा सकता है। आइए जानें इसकी रेसिपी।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

4 कप पतला पोहा (नायलॉन पोहा)
¼ कप बिना नमक वाली मूंगफली
2 बड़े चम्मच भुना चना (दालिया)
2 बड़े चम्मच भुने हुए काजू (वैकल्पिक)
1 बड़ा चम्मच बादाम (पतले कटे हुए, वैकल्पिक)
1 बड़ा चम्मच कद्दू या सूरजमुखी के बीज (वैकल्पिक)
10–12 करी पत्ते
½ छोटा चम्मच हल्दी
½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
¼ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
एक चुटकी हींग (वैकल्पिक)
½ छोटा चम्मच चाट मसाला (ठंडा होने के बाद मिलाएं)

बनाने का जानें तरीका

सबसे पहले आपको पोहा कुरकुरा करना है। इसके लिए माइक्रोवेव सेफ के बड़े बाउल में पोहा फैलाएं। इसे 2 मिनट माइक्रोवेव करें। बाहर निकालकर हल्के हाथ से चलाएं। फिर 1–2 मिनट और माइक्रोवेव करें। पोहा कुरकुरा हो जाए तो निकाल लें। इस बात का ख्याल रखें कि अलग-अलग माइक्रोवेव की पावर अलग होती है। इसलिए समय थोड़ा कम-ज्यादा हो सकता है।

अब आपको मूंगफली और ड्राई फ्रूट्स को भूनना है। मूंगफली को 1 मिनट माइक्रोवेव करें। फिर चलाकर फिर 30–40 सेकंड और गर्म करें। काजू और बादाम भी इसी तरह हल्के कुरकुरे होने तक गर्म करें। इसके बाद करी पत्तों को टिश्यू से अच्छी तरह सुखाएं। फिर इन्हें भी माइक्रोवेव में 40–60 सेकंड रखें। इसके बाद आपको एक बड़ा बाउल लेना है।

उसमें आपको पोहा, मूंगफली, भुना चना, काजू, बादाम, करी पत्ते मिलाना है। फिर इसमें हल्दी, नमक, लाल मिर्च, जीरा पाउडर, हींग, काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लेना है। आखिर में मिक्सचर पूरी तरह ठंडा होने पर चाट मसाला डालें। फिर एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें।

बिना तेल के स्वाद कैसे बढ़ाएं?

आप इसमें स्वाद बढ़ाने के लिए भुना जीरा पाउडर, अमचूर पाउडर, चाट मसाला, काली मिर्च, करी पत्ता, भुनी सौंफ का पाउडर (थोड़ी मात्रा) में मिला सकते हैं।

इसे और हेल्दी कैसे बनाएं?

आप इसमें भुना मखाना, ओट्स (हल्के भुने हुए), फ्लैक्स सीड्स, चिया सीड्स (कम मात्रा में), कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज मिला सकते हैं।

खाने के फायदे भी अब जान लें

डीप फ्राई किए बिना तैयार होने के कारण चिवड़ा मसाला मिक्सचर में अतिरिक्त तेल नहीं होता है। पोहा, भुना चना और बीज मिलाने से फाइबर की मात्रा बढ़ सकती है। वहीं मूंगफली, भुना चना और ड्राई फ्रूट्स प्रोटीन व हेल्दी फैट देते हैं, जिससे जल्दी भूख नहीं लगती। नमकीन या तले हुए स्नैक्स की तुलना में यह अपेक्षाकृत हल्का विकल्प हो सकता है।