आज के समय में स्वादिष्ट और अन्य राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों को बनाना ज्यादा मुश्किल काम नहीं रह गया है। दरअसल, सोशल मीडिया के जमाने में तमाम ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं जिसमें अलग-अलग जगहों की खास डिश के बारे में जानकारी साझा की जाती है। इसके साथ ही कई शेफ भी हैं जो अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से लोगों को स्वादिष्ट भोजन बनाने की विधि साझा करते रहते हैं। कई ऐसे डिश हैं जो अपने स्वाद और सुगंध के लिए जाने जाते हैं, इन्हीं में से एक है पालक टोफू। यह स्वादिष्ट व्यंजन मसालों में मेरिनेट और टोफू को हल्का तल कर पालक की ग्रेवी के साथ परोसा जाता है।

पालक टोफू स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी होता है। इसमें प्रोटीन, आयरन, फाइबर और कई जरूरी विटामिन व खनिज पाए जाते हैं। अगर आप भी घर पर स्वादिष्ट पालक टोफू बनाना चाहते हैं, तो यहां पर इसकी आसान रेसिपी साझा की गई है। आइए जानते हैं:

पालक टोफू बनाने के लिए सामग्री

टोफू मेरिनेट करने के लिए सामग्री

200 ग्राम एक्स्ट्रा फर्म टोफू (क्यूब्स में कटा हुआ)
आधा छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
1/4 छोटा चम्मच नमक
1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
2 बड़े चम्मच पानी या दही

पालक की ग्रेवी के लिए सामग्री

5 कप पालक (धोकर साफ किया हुआ)
15 काजू (आधा कप गर्म पानी में भिगोए हुए)
1.5 बड़ा चम्मच नारियल तेल या कोई भी तेल
1 मध्यम आकार का प्याज (बारीक कट हुआ)
1-2 हरी मिर्च (कटी हुई)
आधा इंच अदरक (कटी हुई)
3 लहसुन की कलियां (कटी हुई)
आधा कप टमाटर (कटा हुआ)
1/4 कप पानी
आधा छोटा चम्मच नमक
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
थोड़ी सी इलायची (वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
टोफू फ्राई करने के लिए आधा बड़ा चम्मच तेल या घी
1 बड़ा चम्मच मक्खन (वैकल्पिक)

पालक टोफू बनाने की आसान विधि

टोफू मेरिनेट करें

सबसे पहले एक बाउल में कश्मीरी लाल मिर्च, गरम मसाला, नमक, नींबू का रस और पानी (या दही) डाल कर मिक्स कर लें। अब इसमें टोफू के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मसाला लगाएं। बाउल को ढककर करीब 30 मिनट के लिए रख दें। बेहतर स्वाद के लिए रातभर फ्रिज में भी रख सकते हैं।

पालक ग्रेवी तैयार करें

अब काजू को गर्म पानी में 15-20 मिनट के लिए भिगो दें। एक पैन में तेल गर्म करें और इसमें प्याज, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डालकर 5-6 मिनट तक भूनें। जब प्याज नरम और हल्का पारदर्शी हो जाए तो इसमें टमाटर डालकर अच्छे से पका लें। इसके बाद 1/4 कप पानी डालकर ढक दें और प्याज-टमाटर को अच्छी तरह गलने दें। अब पालक डालें और 4-5 मिनट तक पकाएं, जब तक पालक नरम न हो जाए और उसकी कच्ची महक खत्म न हो जाए।

ग्रेवी पीसें

मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे ब्लेंडर में डाल दें साथ में भीगे हुए काजू और उसका पानी भी डाल दें। जरूरत पड़ने पर पानी मिलाकर मुलायम प्यूरी तैयार कर लें।

ग्रेवी पकाएं

तैयार प्यूरी को फिर से पैन में डालें। इसमें नमक, गरम मसाला, जीरा पाउडर और इलायची पाउडर डालकर मिला दें। और 3-5 मिनट तक पकने दें, जब तक ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी न हो जाए। अंत में कसूरी मेथी डालकर मिला दें और गैस बंद कर दें।

टोफू फ्राई करें

अब एक अलग पैन में तेल या घी डालकर गर्म करें। इसमें मेरिनेट किया हुआ टोफू डालकर मध्यम आंच पर सभी तरफ से सुनहरा होने तक 6-7 मिनट फ्राई कर लें। अगर चाहें तो अंत में 1 बड़ा चम्मच मक्खन डालकर टोफू को अच्छी तरह मिला लें। इससे स्वाद और भी बढ़ जाता है।

परोसने का तरीका

अब पालक ग्रेवी में 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस मिलाएं। फ्राई किया हुआ टोफू ग्रेवी में डाल दें और हल्के हाथ से मिला दें। आपका गरमागरम पालक टोफू तैयार है। अब आप इसे रोटी, नान, पराठा या सादे चावल के साथ परोस सकते हैं।

Also Read
इस बार पुलाव या बिरयानी नहीं, ट्राई करें स्वादिष्ट नारियल चावल