जब आज की तरह ब्यूटी प्रोडक्ट्स नहीं हुआ करते थे, तब भी लोग अपनी त्वचा का ख्याल रखते थे। प्राचीन समय में लोग त्वचा का ख्याल रखने के लिए प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल करते थे। हालांकि, आज भी काफी लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। इन्हीं में से एक चॉकलेट भी है। अक्सर लोग चॉकलेट का सेवन करना पसंद करते हैं, खासकर बच्चों को तो यह खूब पसंद आती है। लेकिन इसका इस्तेमाल लंबे समय से त्वचा की देखभाल के लिए भी किया जाता रहा है। यहां तक कि कई ब्यूटी प्रोडक्ट्स में भी चॉकलेट मिलाया जाता है। इसका इस्तेमाल त्वचा की बेजान रंगत दूर करने, उसे पोषण देने और प्राकृतिक चमक बनाए रखने के लिए किया जाता है। महंगे स्पा में भी चॉकलेट से बने स्क्रब और अन्य ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल किया जाता है। दरअसल, चाकलेट कोको से बनती है और कोको में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो त्वचा के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
हालांकि, आप भी घर पर आसानी से चॉकलेट फेस मास्क बना सकते हैं। ये त्वचा को नमी देने, मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाने और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के जरिए त्वचा की चमक बढ़ाने में मदद कर सकती है। कोको में कैटेचिन, पॉलीफेनॉल और फ्लेवनॉल जैसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं।
त्वचा के लिए कितना फायदेमंद है कोको
यह त्वचा पर बढ़ती उम्र के असर को कम करने में मदद कर सकता है।
सूजन की हानिकारक किरणों से त्वचा को बचाने में मदद कर सकता है।
सूजन और जलन को शांत करने में मदद कर सकता है।
त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है।
ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने में मदद कर सकता है।
त्वचा की रंगत निखारने में मदद कर सकता है।
आप घर पर 3 तरह का चॉकलेट फेस मास्क तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं किस तरह तैयार करें और चेहरे पर लगाने का सही तरीका क्या है।
1- चॉकलेट और हल्दी फेस मास्क
सामग्री
2 बड़े चम्मच कोको पाउडर
1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1-2 बड़े चम्मच दूध
बनाने और लगाने का तरीका
एक कटोरी में कोको पाउडर और हल्दी पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसमें धीरे-धीरे दूध डालते हुए मिलाएं, ताकि एक चिकना और गाढ़ा पेस्ट तैयार हो जाए। अब इस पेस्ट को चेहरे पर समान रूप से लगाएं। इसे करीब 15 से 20 मिनट तक चेहरे पर लगाकर छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथों से मसाज करते हुए गुनगुने या साधारण पानी से चेहरा धो लें। अब अपनी त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर लगा सकते हैं।
2- चॉकेलट और ग्रीन टी फेस मास्क
सामग्री
आधा कप कोको पाउडर
2 ग्रीन टी बैग
1 बड़ा चम्मच जैतून का तेल
1 बड़ा चम्मच दही
1 बड़ा चम्मच शहद
बनाने और लगाने का तरीका
ग्रीन टी बैग को पानी में उबालकर इसका अर्क निकाल लें और इसे ठंडा होने दें। अब ग्रीन टी के अर्क में कोको पाउडर, जैतून का तेल, दही और शहद डालकर अच्छी तरह मिला लें। तैयार फेस पैक को चेहरे पर अच्छी तरह लगाकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें।
3- चॉकलेट और केले का फेस मास्क
सामग्री
1 बड़ा चम्मच कोको पाउडर
1 बड़ा चम्मच शहद
आधा कप मैश किया हुआ केला
1 बड़ा चम्मच दही
बनाने और लगाने का तरीका
इस फेस मास्क को बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में सभी सामग्री डालकर अच्छी तरह मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट को चेहरे और गर्दन पर अच्छी तरह लगाकर 10-15 मिनट सूखने के लिए छोड़ दें। सूखने के बाद गुनगुने या साधारण पानी से चेहरा धो लें।
कितनी बार लगाएं
इन फेस मास्क का इस्तेमाल सप्ताह में एक या दो बार किया जा सकता है।
ध्यान रखें ये बातें
चेहरे पर लगाने से पहले त्वचा के एक छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर करें।
जलन, खुजली या लालिमा होने पर तुरंत पानी से धो लें और इसका इस्तेमाल न करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। त्वचा संबंधी बदलाव या किसी भी घरेलू नुस्खे को अपनाने से पहले एक बार अपने डॉक्टर या त्वचा विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
यह भी पढ़ें
एलोवेरा और रीठा से करें बालों की सफाई, घर पर इस तरह बनाएं शैंपू
