काफी लोग ऐसे हैं जिन्हें घूमने के अलावा नई जगहों को एक्सप्लोर करने का भी शौक होता है। साथ ही कुछ लोग बस, फ्लाइट या ट्रेन के बजाय बाइक या कार से सफर करना पसंद करते हैं। इन दिनों रोड ट्रिप का क्रेज लोगों के बीच लगातार बढ़ता जा रहा है। लोग बाइक के जरिए रास्ते में बदलते मौसम, पहाड़ों, जंगलों, झरनों और खूबसूरत नजारों का आनंद लेते हुए सफर तय करते हैं। रोड ट्रिप में आप अपनी सुविधा और पसंद के मुताबिक कहीं भी रुक सकते हैं, स्थानीय जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं और सफर के दौरान कई यादगार लम्हों को अपनी यादों में कैद कर सकते हैं।
अक्सर लोगों की जेहन में रोड ट्रिप के नाम पर मनाली से लेह-लद्दाक का सफर याद आता है। लेकिन इसके अलावा भी भारत में कई बेहतरीन और एडवेंचरस रोड ट्रिप हैं जिनका अनुभव शायद ही आप भूल पाएं। आइए जानते हैं 5 ऐसे रोड ट्रिप के बारे में जो आपकी यात्रा को हमेशा के लिए यादगार बना सकते हैं।
1- गुवाहाटी-तवांग रोड ट्रिप
नॉर्थ-ईस्ट की खूबसूरती देखनी है तो लाइफ में एक बार गुवाहटी से तवांग रोड के जरिए जरूर जाएं। यह हिमालयी यात्राओं की सबसे खूबसूरत रोड ट्रिप में से एक मानी जाती है। करीब 480 किलोमीटर का यह सफर गुवाहाटी से शुरू होकर भालुकपोंग, बोमडिला, दिरांग और सेला पास होते हुए तवांग तक पहुंचता है। रास्ते में मैदानी इलाके, घने जंगल, पहाड़ी घाटियां, झरने और बर्फ से ढके पहाड़ आपकी यात्रा को यादगार बना सकते हैं।
2- गोवा-गोकर्ण रोड ट्रिप
भारत के सबसे बेहतरीन और खूबसूरत रोड ट्रिप में से एक गोवा से गोकर्ण हैं। अगर आपको समुद्र, हरियाली और कोंकण तट की खूबसूरती को करीब से देखने का मौका मिलता है। रास्ते में नारियल के पेड़, समुद्र किनारे बसे छोटे गांव और पश्चिमी घाट की खूबसूरती आपकी यादों में हमेशा के लिए कैद हो सकती है। यह रोड ट्रिप गोवा से करीब 105 किलोमीटर लंबा समुद्री तट है। गोकर्ण पहुंचने के बाद आप ओम बीच, कुडले बीच, हाफ मून बीच और पैराडाइज बीच का लुत्फ उटा सकते हैं। वहीं, ओम बीच का आकार ऊं जैसा दिखाई देता है।
3- अहमदाबाद-कच्छ रोड ट्रिप
गुजरात की संस्कृति और रेगिस्तान की खूबसूरती को करीब से देखना है तो अहमदाबाद से कच्छ रोड के जरिए सफर कर सकते हैं। इस दौरान छोटे कस्बे और गांव नजर आते हैं। करीब 330 किलोमीटर लंबे इस रोड ट्रिप के दौरान कच्छ का सफेद नमक का रेगिस्तान देखने को मिलता है। दूर-दूर तक फैली सफेद नमक की जमीन, खुला नीला आसमान और सूर्यास्त के समय का नजारा बेहद खास होता है। यात्रा के दौरान आप कच्छ की लोक कला, संगीत, नृत्य, हस्तशिल्प और पारंपरिक खान-पान का अनुभव कर सकते हैं।
4- चेन्नई-पुडुचेरी रोड ट्रिप
अगर आप समुद्र के किनारे खूबसूरत सफर करना चाहते हैं तो चेन्नई से पुडुचेरी कार या बाइक से जा सकते हैं। करीब 150 किलोमीटर लंबा यह सफर चेन्नई से शुरू होकर महाबलीपुरम और कडलूर क्षेत्र से होते हुए पुडुचेरी तक जाता है। रास्ते में एक तरफ बंगाल की खाड़ी का समुद्र तो दूसरी तरफ हरियाली, छोटे गांव और तटीय नजारों का शानदार अनुभव होता है। इस दौरान आप बीच पर रुककर सूर्योदय और सूर्यास्त के शानदार नजारों का लुत्फ उठा सकते हैं।
5- विशाखापट्टनम-अराकू वैली रोड ट्रिप
अगर आपको समुद्र तट से निकलकर पहाड़ों, घने जंगलों और शांत घाटियों तक पहुंचना है तो लाइफ में एक बार विशाखापट्टनम से अराकू वैली सड़क के जरिए जरूर जाएं। करीब 115 किलोमीटर लंबे इस यात्रा में आप जैसे-जैसे ऊंचाई की तरफ बढ़ते हैं, वैसे-वैसे पूर्वी घाट की हरियाली और खूबसूरत पहाड़ी नजारों का मनमोहक दृश्य दिखना शुरू हो जाता है। इस रोड ट्रिप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि आपको घुमावदार पहाड़ी सड़कें और खूबसूरत घाटियों से होकर गुजरना होता है। रास्ते में पहाड़ों के बीच से गुजरती सड़क, घने जंगल, झरने और आसपास के बसे गांव का नजारा बेहद शानदार होता है।
यह भी पढ़ें
इन खूबसूरत जगहों से घिरा है भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, इस सावन जा सकते हैं घूमने
