चेहरे की देखभाल के लिए अक्सर महिलाएं बाजार से महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स खरीदना पसंद करती हैं या फिर पार्लर का सहारा लेती हैं। पार्लर में चेहरे को साफ और चमकदार दिखाने के लिए ब्लीच का भी इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन बाजार में मिलने वाले ब्लीच प्रोडक्ट्स हर किसी की त्वचा को सूट नहीं करते। हालांकि, कुछ घरेलू चीजों की मदद से आप घर पर ही ब्लीच तैयार कर सकते हैं। दही, शहद और बेसन जैसी चीजों का इस्तेमाल त्वचा की देखभाल के लिए लंबे समय से होता आ रहा है। यह चेहरे को साफ और मुलायम रखने में मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर किस तरह इन चीजों की मदद से ब्लीच तैयार करें।

1- बेसन और दही ब्लीच

त्वचा की देखभाल के लिए बेसन और दही का इस्तेमाल लंबे समय से होते आ रहा है। बेसन त्वचा की सतह पर मौजूद अतिरिक्त तेल और गंदगी को हटाने में मदद कर सकता है। वहीं, दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की ऊपरी परत को हल्के तरीके से एक्सफोलिएट कर सकता है।

बनाने और लगाने का तरीका

सबसे पहले एक साफ कटोरी में एक-एक चम्मच बेसन और दही लें और दोनों को अच्छी तरह मिला दें। मिश्रण गाढ़ा हो, तो इसमें पानी मिला सकते हैं। अब चेहरे को हल्के फेस वॉश से साफ करके सुखा लें। तैयार मिश्रण को चेहरे पर पतली परत लगाकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। जब यह पूरी तरह सूख जाए और त्वचा पर खिंचाव महसूस होने लगे, तो पानी से धो लें। इसके बाद हल्का मॉइस्चराइजर लगा लें।

2- पपीते का ब्लीच

पपीते में पपेन नाम का एंजाइम पाया जाता है, जो त्वचा की सतह पर मौजूद मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद कर सकता है।

कैसे बनाएं और लगाएं

पके हुए पपीते को छीलकर उसके बीच निकाल लें। अब उसके गूदे को अच्छी तरह मैश करके मुलायम पेस्ट बना लें। इसमें थोड़ा पानी मिला लें। अगर आपकी त्वचा रूखी है तो आधा चम्मच शहद भी मिला सकते हैं। सभी को अच्छी तरह मिलाकर चेहरे पर लगाकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। सूखने के बाद इसे सादे पानी से धोकर साफ कर लें। इसके बाद हल्का मॉइस्चराइजर लगा लें।

3- संतरे के छिलके से बनाएं ब्लीच

त्वचा के लिए लंबे समय से लोग संतरे के छिलके का इस्तेमाल करते आ रहे हैं। इसके छिलके में विटामिन सी और कई एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो त्वचा के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।

बनाने और लगाने के तरीका

सबसे पहले संतरे के छिलकों को अच्छी तरह साफ कर इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर धूप में सूखा लें। सूखे छिलकों को मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें। अब एक साफ कटोरी में पानी या गुलाब जल डालकर मुलायम पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट में एलोवेरा जेल भी मिला सकते हैं। अब इसे पूरे चेहरे पर अच्छी तरह लगाकर 5-10 मिनट के लिए सूखने दें। इसके बाद साफ पानी से धोकर हल्का मॉइस्चराइजर लगा लें। इस तरह आप घर पर आसानी से अपने चेहरे की देखभाल के लिए तीन तरह का ब्लीच तैयार कर सकते हैं।

ध्यान रखें ये बातें

इन घरेलू नुस्खों को इस्तेमाल करने से पहले एक बार त्वचा के छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर करें।
किसी भी तरह की जलन, खुजली या समस्या होने पर इसे तुरंत साफ पानी से धो लें।

डिस्क्लेमर: यह लेखा सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। चेहरे पर किसी भी घरेलू नुस्खे को अपनाने और बदलाव करने से पहले एक बार अपने डॉक्टर या त्वचा विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

यह भी पढ़ें
अनन्या पांडे लगाती हैं हल्दी, शहद और दही का फेस पैक, एक्सपर्ट से जानें इसके फायदे