दिवाली के मौके पर अपने घर की सजावट करने में लोग कोई कसर नहीं छोड़ते। इस मौके पर तरह-तरह की लाइटों का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन कई बार लाइट्स सही तरीके से न लगने की वजह से सजावट फीकी पड़ जाती है। ज्यादा लाइट्स लगाने के बजाए कुछ खास तरीकों से सजावट करें तो यह न सिर्फ खूबसूरत दिखेगी बल्कि घर को आकर्षक लुक भी मिलेगा। अगर आप भी बिना तामझाम के घर को रोशन करना चाहते हैं, तो कुछ आसान तरीकों से लाइटों की सजावट कर सकते हैं।

1- बालकनी की रेलिंग पर लगाएं इस तरह की लाइट

दिवाली पर घर की बालकनी घर की सजावट के मुख्य हिस्सों में से एक होती है। बाहर से बालकनी को खास दिखाने के लिए उसमें कई तरह की लाइटें लगाने के बजाय फेयरी लाइट्स अच्छा विकल्प हो सकती हैं। इसके लिए आप गर्म पीली रोशनी वाली छोटी एलईडी लाइटों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

  • इन्हें बालकनी की रेलिंग पर एक समान दूरी रखते हुए लपेट दें।
  • लाइटें बहुत ज्यादा उलझी हुई नहीं होनी चाहिए। इससे बालकनी को साफ-सुथरा और आकर्षक लुक मिलता है।
  • सजावट को थोड़ा और खूबसूरत बनाने के लिए रेलिंग के किसी एक कोने में छोटा-सा मनी प्लांट या फूलों वाला गमला रख सकते हैं।
  • पौधों के आसपास हल्की रोशनी पड़ने से बालकनी का लुक अधिक आकर्षक नजर आता है।

2- खिड़कियों और दरवाजों के आसपास लगाएं ऐसी लाइटें

खिड़कियों और दरवाजों की अगर बेहतर तरीके से सजावट की जाए तो ये घर के लुक में चार चांद लगा देते हैं। कई बार लोग झालर या कई तरह की लाइटें लगा देते हैं, जिससे कमरा भरा-भरा नजर आने लगता है। ऐसे में खिड़कियों और मुख्य दरवाजे के आसपास रोशनी की ऐसी सजावट करें, जिससे घर को आकर्षक दिखाने में मदद करें।

  • इसके लिए आप पतली एलईडी स्ट्रिंग लाइट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • इन्हें दरवाजे के फ्रेम और खिड़की के किनारों पर इस तरह लगाएं कि चारों तरफ रोशनी की एक सुंदर रूपरेखा बन जाए।
  • अगर लकड़ी का दरवाजा है, तो उसके आसपास गर्म पीली रोशनी वाली लाइटें लगा सकते हैं।
  • सफेद दीवारों और हल्के रंग के पर्दों के साथ सफेद रोशनी वाली लाइटें भी खूबसूरत नजर आती हैं।
  • प्रवेश द्वार के किनारों पर एलईडी लाइटें लगाकर भी सजावट कर सकते हैं।

3- कांच की बोतलों और जार के लिए लाइट

दिवाली के मौके पर लोग कांच की बोतलों और जार का भी सजावट में इस्तेमाल करते हैं। यह कम खर्च में सजावट करने के लिए सबसे बेहतरीन तरीकों में से एक है। लेकिन इनमें डाले जाने वाली लाइटों का काफी ध्यान देना जरूरी होता है।

  • इसके लिए आप साफ और पारदर्शी कांच के जार में छोटी बैटरी से चलने वाली फेयरी लाइट्स डाल दें, लाइटों को इस तरह रखें कि उनकी रोशनी पूरे जार में फैल सके।
  • इन जार को घर के प्रवेश द्वार, खिड़की के पास, सेंटर टेबल या किसी खाली कोने में रख सकते हैं।
  • चाहें तो जार के मुंह पर रंगीन रिबन या सजावटी धागा बांधकर इसे और आकर्षक बना सकते हैं।
  • इसके अलावा अलग-अलग आकार के दो-तीन जार में लाइटें लगाकर एक साथ रखने से भी उस जगह को खूबसूरत बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें
दिवाली पर घर को दें नया लुक, पेपर कप से बनाएं ये 7 डेकोरेटिव चीजें