नीता अंबानी का अंदाज हो या उनका ज्वेलरी कलेक्शन, हर बार कुछ ऐसा खास होता है जो लोगों का ध्यान खींच लेता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। गणपति विसर्जन के मौके पर नीता अंबानी हरे रंग की सिल्क साड़ी में नजर आईं थीं।

उनका लुक तो खास था ही लेकिन जिसके ऊपर सभी की नजरें टिक गईं वो था पन्ने और हीरों से बना गणेश जी की आकृति वाला नेकलेस। ये नेकलेस इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। आर्ट डेको स्टाइल में तैयार इस खास नेकपीस ने उनके पूरे लुक को शाही अंदाज दिया। आइए देखते हैं उनकी ज्वेलरी की खासियत और इससे पहले चर्चा में रहे उनके कुछ खास नेकलेस।

पन्ने और हीरों से बना गणेश जी का नेकलेस

नीता अंबानी ने गणपति विसर्जन के मौके पर अपने मुंबई स्थित घर एंटीलिया में हरे रंग का शाही लुक चुना था। उन्होंने पन्ने के रंग वाली सिल्क साड़ी पहनी थी, जिस पर गोल्ड जरी का खूबसूरत बॉर्डर था। इसके साथ उन्होंने मैचिंग ब्लाउज, हरी चूड़ियां, पन्ने के स्टड इयररिंग्स और एक अंगूठी पहनी थी।

उनके इस लुक में सबसे ज्यादा ध्यान खींचा गले में पहने गए नेकलेस ने। आर्ट डेको स्टाइल में तैयार इस नेकलेस में पन्ने और हीरों का इस्तेमाल किया गया था। इसकी खासियत थी गणेश जी की आकृति, जिसने इस ज्वेलरी को और भी खास बना दिया।

नीता अंबानी के हेयर स्टाइल की बात करें तो उन्होंने बालों को पीछे की ओर करके बन बनाया था। इसे सफेद फूलों के गजरे से सजाया गया था। वहीं, मेकअप आर्टिस्ट शायली नायक ने उनका मेकअप हल्का रखा। उनकी आंखों की भौहें उभरी हुई थीं और होंठों पर ग्लॉसी पिंक लिपस्टिक लगाई गई थी।

हरे रंग की ज्वेलरी से है खास लगाव

नीता अंबानी के ज्वेलरी कलेक्शन में पन्ने की कई बेशकीमती और खास डिजाइन वाली ज्वेलरी शामिल हैं। वह पहले भी कई मौकों पर अपने इस कलेक्शन की झलक दिखा चुकी हैं।

उनके छोटे बेटे की जामनगर में हुई प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन के दौरान उन्होंने मिकी माउस डिजाइन वाला एक बेहद खास पन्ने का पेंडेंट पहना था। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उन्होंने तोते के आकार वाला विंटेज हेरिटेज पेंडेंट पहना था।

बताया जाता है कि यह पेंडेंट करीब 200 साल पुराना है। इसे दक्षिण भारत में पारंपरिक गोल्ड कुंदन तकनीक से तैयार किया गया था। इसमें रूबी, पन्ने, हीरे और मोतियों के साथ लाल और हरे रंग की एनामेल डिटेलिंग की गई थी।

500 करोड़ रुपये के पेंडेंट ने भी बटोरी थीं सुर्खियां

नीता अंबानी का ज्वेलरी कलेक्शन कितना खास है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जामनगर में आयोजित हस्ताक्षर समारोह के दौरान भी उनका नेकलेस चर्चा में रहा था।

इस मौके पर उन्होंने डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की कस्टम हैंडक्राफ्टेड आइवरी साड़ी पहनी थी। इसके साथ उन्होंने पन्ने और हीरों से बना एक खास पेंडेंट पहना था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पेंडेंट की कीमत करीब 500 करोड़ रुपये बताई गई थी।

गणेश चतुर्थी पर पहना था अमरपाली भारतम नेकलेस

गणेश चतुर्थी के दौरान भी नीता अंबानी की ज्वेलरी ने खूब ध्यान खींचा था। उन्होंने एंटीलिया में मेहमानों का स्वागत करते समय ऑरेंज और पिंक ओम्ब्रे शेड वाली सिल्क साड़ी पहनी थी। इसके साथ उन्होंने अमरपाली ज्वेल्स का तैयार किया हुआ बड़ा गोल्ड नेकलेस पहना था, जिसे ‘अमरपाली भारतम’ नाम दिया गया था।

यह नेकलेस अपने आप में बेहद खास था। इसे तैयार करने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से असली एंटीक और विंटेज भारतीय ज्वेलरी को जुटाया गया था। ब्रांड के मुताबिक, इस खास नेकलेस को बनाने में 14 कारीगरों ने काम किया था।

इसकी डिजाइन में पारंपरिक केरल नेकलेस को बीच में रखा गया था। इसके अलावा साउथ इंडियन नथ, पासा, बड़े झूमर, पारंपरिक झुमके, बिल्ला और चांदबाली जैसे ज्वेलरी पीस को भी इसमें खास अंदाज में शामिल किया गया था।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और रिपोर्ट्स पर आधारित है।