नीता अंबानी का फैशन और ज्वेलरी कलेक्शन अक्सर चर्चा में रहता है, लेकिन इस बार उनके एक ब्रोच ने सबका ध्यान खींचा है। ड्रैगनफ्लाई के आकार वाले इस ब्रोच की कीमत करीब 12 से 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि इसे तैयार करने में डिजाइनर वालेस चान को पूरे 10 साल लगे। हीरे-जवाहरात से सजे इस ब्रोच की खूबसूरती ही नहीं, बल्कि इसकी डिजाइन के पीछे छिपी सोच भी काफी दिलचस्प है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की निदेशक और नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) की संस्थापक नीता अंबानी ने हाल ही में ‘द लाइब्रेरी’ के उद्घाटन के मौके पर यह खास ब्रोच पहना था। इस अवसर पर उन्होंने बेज रंग का पैंटसूट पहना था, लेकिन उनके लुक में सबसे ज्यादा ध्यान इसी अनोखी एक्सेसरी ने खींचा।

हीरे-जवाहरात और टाइटेनियम से बना है ब्रोच

नीता अंबानी ने ‘द लाइब्रेरी’ के उद्घाटन के मौके पर यह खास ब्रोच पहना था। इसे मशहूर ज्वेलरी आर्टिस्ट वालेस चान (Wallace Chan) ने डिजाइन किया है। ‘सोअरिंग स्पिरिट’ (Soaring Spirit) नाम की इस कलाकृति को तैयार करने में उन्हें करीब एक दशक का समय लगा।

इस ब्रोच में 17.67 कैरेट का त्सावोराइट गार्नेट (Tsavorite Garnet) लगाया गया है। इसके अलावा पीले और दूसरे खास रंगों के हीरे, रूबी, पिंक सफायर और टाइटेनियम का इस्तेमाल किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 15 से 18 लाख डॉलर के बीच है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 12 से 15 करोड़ रुपये बैठती है।

ड्रैगनफ्लाई के पंखों में छिपा है खास संदेश

इस ब्रोच की खूबसूरती के साथ इसकी डिजाइन के पीछे की सोच भी इसे खास बनाती है। ड्रैगनफ्लाई को सपनों, आजादी और अनंत संभावनाओं का प्रतीक माना गया है। वालेस चान की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, इसके पंखों को अबेकस (गिनती और गणना करने वाला पारंपरिक उपकरण) की तरह डिजाइन किया गया है।

चान के अनुसार, ड्रैगनफ्लाई अपने पंखों की हर हलचल के साथ समय और अपने आसपास के वातावरण का हिसाब लगाती है। वह अलग-अलग ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए जरूरी ताकत और रास्ते में आने वाली बाधाओं के अनुसार खुद को ढालती है। इसके जरिए डिजाइनर ने प्रकृति के साथ संतुलन और तालमेल का विचार दिखाने की कोशिश की है।

इसकी एक और खासियत टाइटेनियम से बना शरीर है। यह लचीला है और इसे पहनने वाले के शरीर की हलचल के साथ मूव करता है। यानी यह सिर्फ देखने में खूबसूरत ज्वेलरी नहीं, बल्कि एक ऐसी कलाकृति है जिसमें डिजाइन और तकनीक का अनोखा मेल देखने को मिलता है।

बेज पैंटसूट में दिखा नीता अंबानी का खास अंदाज

इस खास मौके पर नीता अंबानी ने बेज रंग का पैंटसूट पहना था। आउटफिट में लेस की हल्की झलक उनके लुक को अलग बना रही थी। उन्होंने बालों को खुला रखते हुए सॉफ्ट वेव्स में स्टाइल किया और अपने निजी कलेक्शन के डायमंड ज्वेलरी के साथ लुक पूरा किया। हालांकि, उनके पूरे लुक में सबसे ज्यादा ध्यान ड्रैगनफ्लाई वाले इस खास ब्रोच ने खींचा।

क्या है नीता अंबानी का ‘द लाइब्रेरी’?

नीता अंबानी की ओर से शुरू की गई ‘द लाइब्रेरी’ को किताबों, बातचीत और खानपान के लिए एक खास सांस्कृतिक जगह के रूप में तैयार किया गया है। यहां अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं की 4,500 से ज्यादा किताबें रखी गई हैं।

यहां लोग अपनी पसंद की किताबें पढ़ने के साथ खानपान का अनुभव भी ले सकते हैं। सुबह के नाश्ते से लेकर शाम तक के खाने-पीने की यहां व्यवस्था है। इसके अलावा यहां वर्कशॉप होंगी। बातचीत के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इसका मकसद किताबों और लोगों को एक साझा मंच पर लाना है।