नीम की पत्तियों में कई प्राकृतिक गुण पाए जाते हैं, इसलिए त्वचा की सफाई के लिए इसका इस्तेमाल लंबे समय से घरेलू नुस्खों में किया जाता रहा है। नीम त्वचा से अतिरिक्त तेल और गंदगी हटाने में मदद कर सकता है। अगर आप भी नीम के इन गुणों को अपनी स्किन केयर रूटीन में शामिल करना चाहते हैं, तो बाजार से साबुन खरीदने के बजाय घर पर ही नीम वाला हर्बल साबुन बना सकते हैं। इसके लिए आपको बहुत सारी चीजें जुटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कुछ आसान सामग्री की मदद से इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।
नीम का हर्बल साबुन बनाने के लिए जरूरी चीजें
250 ग्राम ग्लिसरीन सोप बेस
1 बड़ा चम्मच ताजी नीम की पत्तियों का बारीक पेस्ट
1 छोटा चम्मच एलोवेरा जेल
½ छोटा चम्मच नारियल तेल
1 विटामिन E कैप्सूल — चाहें तो
साबुन जमाने के लिए सिलिकॉन मोल्ड
ऐसे बनाएं नीम का साबुन
सबसे पहले करें ये काम
घर पर नीम की पत्तियों से हर्बल साबुन बनाने के लिए सबसे पहले नीम की पत्तियों को अच्छी तरह धो लें और पानी सुखा लें। इन्हें मिक्सर में पीसकर बारीक पेस्ट बनाएं। पेस्ट बहुत पतला या पानी जैसा न रखें।
सोप बेस काटें
ग्लिसरीन सोप बेस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इससे यह जल्दी और बराबर पिघलेगा।
सोप बेस पिघलाएं
इसके बाद आपको एक बर्तन लेना है। फिर उसमें पानी गर्म करके उसके ऊपर दूसरा हीट-सेफ बर्तन रखना है। उसमें सोप बेस डालें। यानी डबल बॉयलर की मदद से इसे धीमी आंच पर पिघलाएं। बेस को सीधे तेज आंच पर न रखें।
नीम और दूसरी चीजें मिलाएं
सोप बेस पूरी तरह पिघल जाए तो गैस बंद कर दें। अब इसमें 1 बड़ा चम्मच नीम का पेस्ट, 1 छोटा चम्मच एलोवेरा जेल और ½ छोटा चम्मच नारियल तेल डालें। चाहें तो विटामिन E कैप्सूल काटकर उसका तेल भी मिला सकती हैं। सबको धीरे-धीरे मिलाएं ताकि मिश्रण अच्छी तरह एकसार हो जाए।
अब मोल्ड में डालें
इसके बाद आपको इस मिश्रण को साबुन के मोल्ड में डाल दें। ऊपर बुलबुले दिखें तो चम्मच से हल्के हाथ से हटा दें।
साबुन को जमने दें
मोल्ड को कमरे के तापमान पर कई घंटे या पूरी तरह सेट होने तक रखें। जल्दी निकालने के लिए फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं है। साबुन पूरी तरह सख्त होने के बाद ही मोल्ड से निकालें।
इस बात का ध्यान रखें कि नीम की पत्तियों का पेस्ट ज्यादा मात्रा में डालने से साबुन की बनावट और टिकने की क्षमता पर असर पड़ सकता है। इसलिए 250 ग्राम बेस में लगभग 1 बड़ा चम्मच पेस्ट ही डालें।
घर पर बनाई गई ऐसी साबुन में पानी/ताजे पौधों की सामग्री होने के कारण इसे लंबे समय तक स्टोर करने के बजाय छोटा बैच बनाकर जल्दी इस्तेमाल करना बेहतर है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य घरेलू उपयोग और उपलब्ध जानकारी के आधार पर दी गई है। नीम वाला साबुन किसी त्वचा रोग या समस्या का इलाज नहीं है। संवेदनशील त्वचा या किसी तरह की एलर्जी होने पर इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। त्वचा से जुड़ी कोई समस्या होने पर डॉक्टर या त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लें।
