सुबह के वक्त कम समय के चलते कई बार समझ नहीं आता कि ऐसा क्या बनाया जाए, जो खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। इसके साथ ही यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। अगर आप भी ऐसे नाश्ते की तलाश में हैं तो कम समय में पनीर गार्लिक ब्रेड बना सकते हैं। ये खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी होता है।
सिर्फ सुबह के नाश्ते में ही नहीं बल्कि पनीर गार्लिक ब्रेड को आप शाम की हल्की भूख मिटाने, बच्चों के टिफिन के लिए, वीकेंड स्नैक के रूप में या फिर छोटी-मोटी हाउस पार्टी में स्टार्टर के तौर पर भी परोस सकते हैं। पनीर प्रोटिन का अच्छा स्रोत होता है, जबकि लहसुन स्वाद बढ़ाने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसे और पौष्टिक बनाने के लिए आप अपनी पसंद के अनुसार सब्जियां भी डाल सकते हैं।
पनीर गार्लिक ब्रेड बनाने के लिए सामग्री
6-8 ब्रेड स्लाइस
200 ग्राम पनीर (कद्दूकस किया हुआ)
आधा कप मोजरेला चीज (कद्दूकस किया हुआ)
1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
1 छोटी शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
2 बड़े चम्मच स्वीट कॉर्न (वैकल्पिक)
1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई, वैकल्पिक)
4 बड़े चम्मच मक्खन
5-6 लहसुन की कलियां (बारीक कटी या कद्दूकस की हुई)
1 बड़ा चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
1 छोटा चम्मच ओरिगेनो या मिक्स्ड हर्ब्स
नमक स्वादानुसार
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
आधा छोटा चम्मच पिज्जा सीजनिंग (वैकल्पिक)
पनीर गार्लिक ब्रेड बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बाउल में मक्खन लें और इसमें लहसुन, हरा धनिया, ओरिगेना और थोड़ा सा नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर स्मूद गार्लिक बटर तैयार कर लें।
अब एक बड़े बाउल में कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें। इसमें प्याज, शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न और हरी मिर्च मिलाएं। इसके बाद काली मिर्च, चिली फ्लेक्स और स्वादानुसार नमक डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स कर लें। ध्यान रखें कि नमक ज्यादा न डालें क्योंकि चीज में भी नमक होता है।
अब हर ब्रेड स्लाइस पर तैयार गार्लिट बटर की अच्छी परत लगाएं। इसके बाद पनीर का मिश्रण समान रूप से फैला दें। इसके ऊपर भरपूर मात्रा में कद्दूकस किया हुआ मोजरेला चीज फैला दें। ऊपर से थोड़ा ओरिगेना और चिली फ्लेक्स भी डाल सकते हैं।
अब एक नॉन-स्टिक तवा को धीमी आंच पर गर्म कर लें। तैयार ब्रेड स्लाइस को तवे पर रखें और तवे को ढक्कन से ढक दें। धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं। ढक्कन लगाने से अंदर गर्मी बनी रहती है, जिससे चीज आसानी से पिघल जाती है और ब्रेड नीचे से कुरकुरी हो जाती है। जब चीज पूरी तरह पिघल जाए और ब्रेड नीचे से सुनहरी व कुरकुरी हो जाए, तो गैस बंद कर दें। पनीर गार्लिक ब्रेड को टुकड़ों में काटें और गरमागरम सर्व कर दें।
Also Read
शाम की हल्की भूख के लिए बनाएं 3 तरह की चाट, नोट कर लें चटपटे स्वाद की रेसिपी
