व्रत में साबूदाने की खिचड़ी, आलू की सब्जी, कुट्टू की पूरी, सिंघाड़े का हलवा और कई चीजें बनाई जाती हैं। हालांकि रोजाना एक ही तरह की चीजों को खाकर कई बार हम बोर हो सकते हैं। ऐसे में व्रत के दौरान अगर आप कुछ अलग और स्वादिष्ट रेसिपी तलाश रहे हैं, तो यहां बताई गई रेसिपी ट्राई की जा सकती है। इसे समा के चावल और उबले हुए आलू से बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि इसे कम समय में आसानी से बनाया जा सकता है। इसे आप नाश्ते या किसी भी समय बना सकते हैं। अगर आपका व्रत नहीं है, तो भी इस नाश्ते को ट्राई किया जा सकता है।
इसकी रेसिपी यूट्यूब चैनल अकाउंट अम्मा की थाली नाम चैनल से शेयर की गई है। इसमें समा के चावल, साबूदाना और उबले हुए आलू से स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपी बनाने का तरीका बताया गया है। आइए, जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
सामग्री
समा के चावल- आधा कप
उबला आलू- 2
साबूदाना- 1 कप
हरा धनिया- 1 कप
हरी मिर्च-1
सेंधा नमक- स्वादानुसार
काली मिर्च- 1 चम्मच
नींबू का रस- 1 चम्मच
बनाने का तरीका
सबसे पहले समा के चावल को अच्छी तरह पानी से धो लें। चावल में साफ पानी डालकर कुछ देर के लिए रख दें। इससे चावल नरम हो जाएंगे। अब मिक्सर जार में हरा धनिया, लाल मिर्च और पानी डालकर पीस लें। इसे एक बाउल में निकाल लें। अब पैन में एक चम्मच घी डालें और गरम होने दें। इसमें जीरा और कद्दूकस किया अदरक डालें। इसे कुछ देर तक पकाएं फिर हरे धनिया का पेस्ट डालें। ऊपर से उबले हुए आलू को मैश करके डालें। अब स्वादानुसार सेंधा नमक, काली मिर्च और नींबू का रस मिलाकर अच्छी तरह मिलाएं। आलू के मिश्रण को करीब 1 से 2 मिनट तक पका लें। अब इस मिश्रण को एक बाउल में निकाल लें।
अब एक कप भीगे हुए साबूदाने लें और इसे समा के चावल के साथ पीस लें। इसमें एक कप पानी डालें ताकि पेस्ट अच्छी तरह स्मूथ हो जाए। अब इसे एक बर्तन में निकालें और ऊपर से सेंधा नमक और हरे धनिया डालें। अब तैयार किए आलू के मिश्रण से टिक्की तैयार कर लें। इसके बाद कड़ाही में घी डालें। चावल और साबूदाने का बैटर डालें और फिर आलू की टिक्की को रखें। इसके ऊपर से दोबारा बैटर डालें ताकि आलू कवर हो जाए। इसे ढककर कुछ देर पकने दें। इसके ऊपर घी लगाकर दूसरी तरफ पलट दें और ढककर पकाएं। जब यह दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाए, तो प्लेट में निकाल लें। इस डिश को आप तवे या पैन में भी बना सकते हैं। ध्यान रखें कि धीमी आंच पर इसे पकाएं ताकि यह ऊपर से जलेगा नहीं और अंदर तक पक जाएगा। इसे आप गरम-गरम चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।
