भारत के प्रमुख त्योहारों में से एक नवरात्रि का पर्व पूरे देश में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। यह सनातन धर्म के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक पर्वों में से एक है। नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। भक्त विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना करते हैं और उन्हें तरह-तरह के भोग अर्पित करते हैं। यह त्योहार सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि लोककला, संगीत, नृत्य, खानपान, हस्तशिल्प और सामुदायिक परंपराओं से जुड़ा एक व्यापक उत्सव है। देश के अलग-अलग हिस्सों में नवरात्रि मनाने के तरीके अलग हैं, लेकिन इसके केंद्र में शक्ति, भक्ति और बुराई पर अच्छाई की जीत की भावना समान रहती है। नवरात्रि में भारतीय खानपान की एक समृद्ध विरासत झलकती है। इस दौरान माता को तरह-तरह के भोग भी अर्पित किए जाते हैं।
नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के पहले स्वरूप शैलपुत्री की आराधना की जाती है। इस दिन माता को कई तरह के भोग भी लगाए जाते हैं, जिनमें नारियल और मखाने की मिठाई भी शामिल है। बाजार में मिलने वाली मिठाई की स्वच्छता को लेकर अगर आप असमंजस में हैं, तो घर पर ही झटपट यह मिठाई बनाकर माता को अर्पित कर सकते हैं।
नारियल-मखाने की मिठाई के लिए सामग्री
2 कप मखाने
1 कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल
आधा कप दूध
3-4 बड़े चम्मच चीनी या स्वादनुसार
1 बड़ा चम्मच देसी घी
1-2 छोटी इलायची का पाउडर
8-10 बादाम, बारीक कटे हुए
8-10 बारीक कटे हुए काजू
1 बड़ा चम्मच किशमिश
1-2 बड़े चम्मच मखाने का पाउडर, जरूरत के अनुसार
(चीनी की जगह गुड़ भी इस्तेमाल कर सकते हैं, हालांकि, इससे मिठाई का रंग और स्वाद बदल जाता है।)
कम समय में नारियल-मखाने की मिठाई बनाने का तरीका
सबसे पहले एक कड़ाही को गैस पर रखकर गर्म कर लें। अब उसमें एक छोटा चम्मच देसी घी डालकर गर्म करें। इसके बाद मखाने डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 5-7 मिनट तक भूनें। मखाने कुरकुरे हो जाएं तो गैस बंद कर दें। ठंडा होने के बाद थोड़े मखाने अलग रख लें और बाकी को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें।
अब उसी कड़ाही में कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक हल्का भून लें। नारियल का रंग ज्यादा न बदले। हल्का भूनने से इसका स्वाद और खुशबू बेहतर हो जाता है। अब नारियल में दूध डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद चीनी डालकर धीमी आंच पर पका लें। जब दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे तो इसमें पिसे हुए मखाने डाल दें। मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि कड़ाही के तले में चिपके नहीं।
अब इसमें कटे हुए बादाम, काजू, किशमिश और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें। मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक यह गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने न लगे। अगर मिश्रण बहुत नरम लगे तो थोड़ा मखाने का पाउडर मिला सकते हैं। अब एक प्लेट या ट्रे में हल्का सा घी लगाकर चिकना कर लें।
तैयार मिश्रण को इसमें डालकर चम्मच से समान रूप से फैला दें। ऊपर से कुछ कटे हुए काजू-बादाम और कुछ भुने हुए मखाने डालकर हल्के हाथ से दबा दें। इसे करीब 30-40 मिनट ठंडा होने दें। जब मिश्रण अच्छी तरह जम जाए तो चाकू से चौकोर या मनचाहे आकार में काट लें। अब इसे आप मां शैलपुत्री की पूजा करने के बाद सात्विक तरीके से तैयार की गई नारियल-मखाने की मिठाई का भोग लगा सकते हैं।
यह भी पढ़ें
नवरात्रि का न करें इंतजार, इन आसान तरीकों से झटपट चमकाएं घर का मंदिर
