2026 में पितृ पक्ष 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के साथ खत्म होंगे। इसके अगले दिन यानी 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि शुरू हो जाएंगे। नवरात्रि में अष्टमी और नवमी के दिन कन्या पूजन किया जाता है। इस साल 19 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी और महानवमी दोनों तिथियां पड़ रही हैं। ऐसे में पितृ पक्ष खत्म होते ही आप कन्या पूजन की तैयारी शुरू कर सकती हैं।
कन्या पूजन में बच्चियों को क्या गिफ्ट दें, इसे लेकर अगर आप भी हर साल कन्फ्यूज रहती हैं तो इस बार पहले से तैयारी कर लें। कन्या पूजन में भोजन और दक्षिणा के साथ बच्चियों को कोई छोटा-सा गिफ्ट देने का भी चलन है। अगर आप भी सोच रही हैं कि बच्चियों को ऐसा क्या दें जो उन्हें पसंद भी आए और बजट भी ज्यादा न बिगड़े, तो 100 रुपये तक के ये ऑप्शन देख सकती हैं।
ब्रेसलेट
इस बार छोटी बच्चियों के लिए आप रंग-बिरंगे और प्यारे ब्रेसलेट खरीद सकती हैं। इन्हें आप ऑनलाइन मंगा सकती हैं या लोकल मार्केट से खरीद सकती हैं। आप उनके लिए मोतियों, कार्टून कैरेक्टर या रंगीन बीड्स वाले ब्रेसलेट खरीद सकती हैं। स्थानीय बाजार में ऐसे ब्रेसलेट लगभग 30 से 80 रुपये में मिल सकते हैं। थोड़ा अच्छा डिजाइन लेने पर कीमत 100 रुपये तक जा सकती है।
स्टेशनरी सेट
अगर आप ऐसा गिफ्ट देना चाहती हैं जो कन्याओं के काम भी आए, तो स्टेशनरी अच्छा ऑप्शन हमेशा ही होता है। रंग-बिरंगी पेंसिल, पेन, रबर, शार्पनर, स्केल और छोटी नोटबुक लेकर आप उससे सेट बनाकर गिफ्ट कर सकती हैं। अलग-अलग चीजें खरीदकर आप अपने बजट के हिसाब से छोटा पैक भी तैयार कर सकती हैं। इसकी अनुमानित कीमत 50 से 100 रुपये तक हो सकती है।
छोटा सा पर्स
बच्चियों के लिए छोटे और रंगीन पर्स भी अच्छे गिफ्ट हो सकते हैं। इनमें वे रुमाल, छोटी चीजें या अपने पैसे रख सकती हैं। बाजार में बच्चों के लिए सिंपल पर्स लगभग 50 से 100 रुपये में मिल जाते हैं। कार्टून या ज्यादा सजावटी डिजाइन की कीमत इससे थोड़ी ज्यादा हो सकती है। यह भी कन्या पूजन के लिए अच्छा गिफ्ट ऑप्शन हो सकता है।
पानी की बोतल
बच्चियों के लिए छोटी और हल्की पानी की बोतल या सिपर भी खरीद सकती हैं। इसमें कार्टून कैरेक्टर और रंगीन डिजाइन वाली बोतलें बच्चों को ज्यादा पसंद आती हैं। बजट रेंज में ऐसी बोतलें लगभग 70 से 100 रुपये में मिल सकती हैं।
क्ले या आर्ट कलर
बहुत सारी बच्चियों को ड्रॉइंग और क्राफ्ट पसंद होता है। ऐसे में आप उन्हें क्ले, कलर या छोटी आर्ट-किट गिफ्ट में दे सकती हैं। छोटे क्ले सेट या बेसिक कलर पैक लगभग 50 से 100 रुपये में मिल सकते हैं।
हेयर क्लिप और रबर बैंड का सेट
छोटी-छोटी कन्याओं को आप रंग-बिरंगी हेयर क्लिप, रबर बैंड, हेयर बैंड या छोटी हेयर एक्सेसरीज का सेट भी दे सकती हैं। बच्चियों को ये पसंद भी आएंगी और उनके काम भी आएंगी। इनकी अनुमानित कीमत 30 से 100 रुपये तक हो सकती है।
गुल्लक
बच्चियों को छोटी और क्यूट गुल्लक देना भी अच्छा आइडिया है। प्लास्टिक या छोटे डिजाइन वाली गुल्लक लगभग 70 से 100 रुपये में मिल सकती हैं।
स्टिकर और एक्टिविटी बुक
छोटी बच्चियों के लिए स्टिकर बुक, पजल या एक्टिविटी बुक भी अच्छा विकल्प है। यह सिर्फ सजावटी गिफ्ट नहीं होगा, बल्कि बच्ची इसे खेलने और सीखने के लिए भी इस्तेमाल कर सकती है। इसकी अनुमानित कीमत की बात करें तो यह आपको 40 से 100 रुपये के बीच मिल सकती है।
छोटा टिफिन बॉक्स
यह तो हमेशा से ही कन्या पूजन में दिया जाता है। अगर आप कोई काम की चीज देना चाहती हैं तो छोटा लंच बॉक्स भी ले सकती हैं। बच्चों के पसंदीदा कार्टून या रंगों वाले बजट टिफिन बॉक्स लगभग 80 से 100 रुपये के आसपास मिल सकते हैं। खरीदते समय ढक्कन की फिटिंग और मटेरियल जरूर देख लें।
