बालों को रंगने के लिए ज्यादातर लोग बाजार में मिलने वाले हेयर डाई और कलर का इस्तेमाल करते हैं। बाजार में मिलने वाले हेयर प्रोडक्ट्स थोड़े महंगे होते हैं और साथ ही इनमें कई बार केमिकल भी मिला जाता है, जो बालों को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। हालांकि, इसके बजाए आप प्राकृतिक तरीके भी अपना सकते हैं। बालों को कलर करने के लिए कई घरेलू चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। आइए जानते हैं घर पर प्राकृतिक तरीके से बालों को रंगने के लिए कौन-कौन से नुस्खे अपनाए जा सकते हैं।

1- अखरोट आ सकता है काम

काले अखरोट के बाहरी हरे छिलकों में जुग्लोन नामक पिगमेंट और टैनिन होता है, जो बालों को गहरा भूरा या काला रंग देने में मदद करते हैं। इसका इस्तेमाल पारंपरिक रूप से कपड़ों और दूसरी चीजों को रंगने में भी किया जाता है। हालांकि, इससे बालों पर मिलने वाला रंग हर व्यक्ति के बालों के प्रकार और उनके मूल रंग के अनुसार अलग हो सकता है।

हेयर कलर बनाने के लिए सामग्री

काले अखरोट के 4-5 बाहरी छिलके (सूखे या ताजे)
2 कप पानी
1 छोटा चम्मच आंवला पाउडर (वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच मेहंदी पाउडर (वैकल्पिक)
एक लोहे या स्टेनलेस स्टील का बर्तन
छानने के लिए साफ सूती कपड़ा

कलर बनाने का तरीका

सबसे पहले काले अखरोट के बाहरी छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अगर सूखे छिलके इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उन्हें थोड़ा तोड़ लें। इसके बाद एक बर्तन में 2 कप पानी डालकर उसमें अखरोट के छिलके मिला दें। इस मिश्रण को धीमी आंच पर करीब 30-40 मिनट तक उबालें। इससे पानी में छिलकों का रंग उतरने लगेगा। गैस बंद करके मिश्रण को ठंडा होने दें। अब इसे साफ सूती कपड़े से छान लें। इस तरह आपको गहरे भूरे रंग का तरल मिलेगा।

इसमें थोड़ी मात्रा में आंवला या मेहंदी पाउडर मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इनके साथ रंग का परिणाम अलग हो सकता है।

बालों में कलर लगाने का तरीका

सबसे पहले बालों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। बालों में तेल, धूल या किसी तरह का हेयर स्टाइलिंग प्रोडक्ट नहीं होना चाहिए। तैयार किए गए अखरोट के छिलकों के अर्क को पूरी तरह ठंडा होने दें। इसे सीधे सिर पर लगाने के बजाए बालों की एक छोटी लट पर लगाकर देखें। इससे रंग का अंदाजा हो जाएगा।

ध्यान रखें ये बातें

अगर त्वचा या बालों में कोई प्रतिक्रिया होती है, तो इसे तुरंत पानी से अच्छी तरह धो लें।

2- गुड़हल के फूल और पत्तियों से तैयार करें

गुड़हल के फूल और पत्तियों की मदद से भी बालों के लिए रंग तैयार किया जा सकता है। गुड़हल के फूलों में एंथोसायनिन जैसे प्राकृतिक रंगद्रव्य पाए जाते हैं और इनकी पत्तियों में म्यूसिलेज नामक पदार्थ होता है, जो बालों को मुलायम बनाने में मदद कर सकता है। गुड़हल का इस्तेमाल बालों को काला करने के लिए भी पारंपरिक रूप से किया जाता है।

गुड़हल से हेयर पैक बनाने के लिए सामग्री

5-6 गुड़हल की पत्तियां
2 चम्मच एलोवेरा जेल
1-2 चम्मच नारियल तेल (वैकल्पिक)
जरूरत के अनुसार पानी

हेयर पैक बनाने का तरीका

सबसे पहले गुड़हल के फूलों और पत्तियों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। फूलों की पंखुड़ियों को अलग कर लें और पत्तियों को छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें मिक्सर में डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और अच्छी तरह पीस लें। तैयार पेस्ट में एलोवेरा जेल मिलाएं। अगर बाल रूखे हैं, तो इसमें थोड़ा नारियल तेल भी मिला सकते हैं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एक गाढ़ा और मुलायम पेस्ट तैयार कर लें।

गुड़हल का हेयर पैक लगाने का तरीका

सबसे पहले बालों को अच्छी तरह सुलझा लें। तैयार पेस्ट को बालों की लंबाई और स्कैल्प पर हल्के हाथों से लगाएं। इसे बालों में लगभग 20-30 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद बालों को सामान्य या गुनगुने पानी से धो लें। जरूरत पड़ने पर हल्के शैंपू का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें आंवला, मेहंदी, कॉफी और जटामांसी जैसी सामग्री भी मिलाकर हर्बल हेयर कलर तैयार कर सकते हैं।

त्वचा या बालों में किसी भी तरह की परेशानी होने पर इसे तुरंत साफ पानी से धो लें और दोबारा इस्तेमाल न करें।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। बालों में किसी भी तरह का बदलाव करने या घरेलू नुस्खा आजमाने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से एक बार सलाह जरूर लें।

यह भी पढ़ें
होंठ रूखे होकर छिल रहे हैं, घर पर इस तरह बनाएं लिप बाम