सिनेमा जगत में नाना पाटेकर उन कलाकारों में से एक रहे, जिन्होंने पर्दे पर अभिनय को दिखाया कम, जिया ज्यादा। जिस भी किरदार में वे नजर आते, ऐसा लगता जैसे वह उस किरदार को जी रहे हों। नाना पाटेकर उस किरदार के भीतर खुद को इस तरह ढाल लेते थे कि अभिनेता और पात्र के बीच का फर्क मिटने लगता था। 75 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले नाना को सिनेमा जगत के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।
नाना पाटेकर जितने बेहतरीन कलाकार थे उतने ही जिंदादिल इंसान भी थे। सेट हो या फिर घर , वे अपने साथ काम करने वालों लोगों का खास ख्याल रखते थे। इतने बड़े कलाकार होने के बावजूद वे चकाचौंद की दुनिया से दूर गांव में ज्यादा समय बिताते थे। यहां तक कि वो फिल्म के सेट पर आए कलाकारों के लिए खाना भी पकाते थे। नाना पाटेकर खाने के काफी शौकीन थे और ज्यादातर डिश वह खुद पकाते थे। अभिनेता नॉन वेज और वेज दोनों के शौकीन रहे। वेज में वह एक सब्जी काफी पसंद किया करते थे।
दरअसल, नाना पाटेकर को केले के फूल की सब्जी काफी पसंद थी। अपन एक इंटरव्यू में वह बताते हैं कि एक बार वे सेट पर केले के फूल की सब्जी लेकर गए, तो राज साहब (राजकुमार) ने खाने की इच्छा जताई। खाने के बाद उन्होंने कहा कि ‘नाना’ मां जी से कहना कीमा बहुत अच्छा था। इस सब्जी का स्वाद इतना बेहतरीन था कि उन्हें पता ही चला कि वो केले के फूल की सब्जी खा रहे हैं या कीमा। जब नाना पाटेकर ने उन्हें बताया कि यह कीमा नहीं, बल्कि केले के फूल की सब्जी तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। केले के फूल की सब्जी को अगर सही तरीके से बनाया जाए, तो यह बेहद स्वादिष्ट बनती है। आप भी घर पर आसानी से ये सब्जी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी:
केले के फूल की सब्जी बनाने के लिए तैयारी थोड़े पहले से करनी पड़ती है। इसके फूल की बाहरी परतें हटाकर अंदर के कोमल हिस्से को इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद इसे अच्छी तरह साफ करके उबाला या पानी में भिगोया जाता है, ताकि इसका कसैलापन कम हो जाए।
केले के फूल की सब्जी के लिए सामग्री
1 केले का फूल
2 मध्यम आकार के प्याज, बारीक कटे हुए
2 टमाटर, बारीक कटे हुए
1-2 हरी मिर्च
1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
आधा चम्मच हल्दी
1 चम्मच धनिया पाउडर
आधा चम्मच जीरा
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा चम्मच गरम मसाला
आधा चम्मच अमचूर पाउडर या स्वादानुसार
नमक स्वादानुसार
2-3 बड़े चम्मच सरसों का तेल या सामान्य तेल
थोड़ा हरा धनिया
केले के फूल की सब्जी बनाने का तरीका
इस तरह करें सफाई
केले के फूल की सब्जी बनाने से पहले इसकी सफाई बेहद जरूरी है। इसके लिए फूल की बाहरी बैंगनी पत्तियों को एक-एक करके हटा दें। इसके अंदर छोटे-छोटे फूल दिखाई देंगे। हर छोटे फूल के अंदर मौजूद सख्त डंठल और पारदर्शी कड़ी परत को निकाल दें। इसी तरह पूरे फूल को साफ कर लें। इसके बाद छोटे फूलों को बारीक काट लें। कटे हुए फूल को तुरंत पानी में डाल दें, क्योंकि खुले में रखने से इनका रंग बदल सकता है।
कसैलापन कैसे दूर करें
केले के फूल में कसैलापन होता है। इसे दूर करने के लिए सबसे पहले कटे हुए केले के फूल को पानी में डालकर कुछ देर रख दें। इसके बाद इसे पानी में हल्दी और थोड़ा नमक डालकर 10-15 मिनट उबाल लें। इसके बाद पानी छान लें और फूल को हल्का निचोड़ लें। अगर फूल ज्यादा कसैला हो, तो इसे एक बार और पानी में उबाला जा सकता है। इससे काफी हद तक कड़वाहट और कसैलापन कम हो जाता है।
सब्जी बनाने का तरीका
सबसे पहले कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर इसमें जीरा डालें। जीरा चटकने लगे तो बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालकर भून लें। प्याज हल्का सुनहरा हो जाए तो इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ देर पकाएं। अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें फिर हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह भून लें। मसाला तब तक पकाएं, जब तक टमाटर गल न जाए और तेल किनारों पर दिखाई देने लगे।
फूल डालने का तरीका
इसके बाद इसमें उबला हुआ केले का फूल डालें और मसाले के साथ अच्छी तरह मिला दें। कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर करीब 10-15 मिनट पकने दें। बीच-बीच में सब्जी को चलाते रहें, ताकि वह कड़ाही में चिपके नहीं। अंत में अमचूर पाउडर और थोड़ा गरम मसाला डालें। सब्जी में थोड़ा कद्दूकस किया हुआ नारियल भी डाल सकते हैं। इसके बाद गैस बंद करके ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। आपकी गरमागरम केले के फूल की सब्जी तैयार है।
किसके साथ खाएं
केले के फूल की मसालेदार सब्जी को रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोसा जा सकता है। केले के फूल से न सिर्फ सब्जी बल्कि वड़ा, कोफ्ता और दूसरी पारंपरिक डिश भी तैयार की जाती है।
यह भी पढ़ें
जब नाना पाटेकर ने की थी सीएम योगी की तारीफ, जानिए किस बात से हुए थे इंप्रेस
