बरसात के मौसम में खाने-पीने की चीजों को रखने के तरीके में कुछ बदलाव करने की जरूरत पड़ती है। थोड़ी सी लापरवाही के चलते कई चीजें नमी के कारण सील सकती हैं और फिर कुछ दिनों में ये खराब भी हो सकती है। इसमें से एक नमकीन भी है, जिसे अगर ठीक से न रखा जाए तो मानसून में हवा में नमी के चलते सील सकती है। सीली हुई नमकीन को खाने में वह स्वाद नहीं मिल पाता और शाम की चाय के साथ खाने पर सारा मजा किरकिरा हो जाता है।
काफी लोग ऐसे हैं जो नमकीन को सील जाने के बाद उसे फेंक देते हैं। जबकि कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप सीली हुई नमकीन को फिर से कुरकुरा बना सकते हैं।
पहला तरीका
मानसून में हवा की नमी के चलते अगर नमकीन सील गई है, तो आप इसे कढ़ाई में हल्का सेंककर दोबारा आसानी से क्रिस्पी बना सकते हैं। इसके लिए एक साफ और सूखी कढ़ाई को धीमी आंच पर गर्म कर लें। अब इसमें नमकीन डालकर 2-3 मिनट तक लगातार चलाते हुए हल्का भून लें। इससे नमकीन में मौजूद अतिरिक्त नमी निकल जाती है और वह फिर से कुरकुरी हो जाती है। ध्यान रखें कि नमकीन को ज्यादा नहीं भूनना है या फिर तेज आंच पर, इससे ये जल सकती है।
दूसरा तरीका
थोड़ी मात्रा में नमकीन है तो इसे आप रोटी सेंकने वाले तवे पर भी भून कर कुरकुरा कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले तवे को साफ कर उसे अच्छी तरह सुखा लें। अब इसे गैस पर रखकर धीमी आंच पर गर्म कर लें। इसपर नमकीन डालकर अच्छे से फैला दें और 2-3 मिनट तक लगातार चलाते हुए सेंक लें। इससे नमकीन की अतिरिक्त नमी कम हो सकती है, जिससे वह वापस से क्रंची हो जाती है।
तीसरा तरीका
अगर आपके पास माइक्रोवेव है तो यह काम और भी ज्यादा आसान हो सकता है। इसके लिए माइक्रोवेव-सेफ प्लेट में अच्छी तरह नमकीन को फैला दें। इसके बाद इसे माइक्रोवेव में रखकर हाई पावर मोड पर 30-40 सेकंड के लिए गर्म करें और फिर नमकीन को बाहर निकालकर कुछ देर ठंडा होने दें और फिर एयरटाइट कंटेनर में भरकर रख दें। इससे नमकीन का कुरकुरापन वापस आ सकता है।
ध्यान रखें ये बातें
नमकीन को सीलने से बचाने के लिए हमेशा एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करना चाहिए।
नमकीन इस्तेमाल करने के बाद ढक्कन तुरंत बंद कर दें, ताकि नमी अंदर न जाए।
नमकीन निकालते समय हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करना चाहिए।
नमकीन को नमी वाली जगह पर रखने से बचना चाहिए।
Also Read
अचार में फफूंदी लगने पर उसे फेंकें नहीं, करें ये बदलाव
