भारत में घुमक्कड़ लोगों की कमी नहीं है। हर साल लाखों लोग नई-नई जगहों को एक्सप्लोर करने और यादगार अनुभव के लिए यात्रा पर निकलते हैं। इनमें से कई लोग अपनी यात्रा को रोमांचक बनाने के लिए पहाड़ों की खूबसूरत वादियों, घुमावदार सड़कों और प्राकृतिक नजारों के बीच मोटरसाइकिल से सफर करना पसंद करते हैं। पिछले कुछ सालों से लद्दाख, स्पीति, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत जैसे पहाड़ी इलाकों में बाइक ट्रिप का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। दुर्गम पहाड़ी रास्तों, ऊंचे-ऊंचे दर्रों और चुनौतीपूर्ण मोड़ों पर बाइक चलाने का अनुभव बेहद खास होता है।

हालांकि, सफर जितना रोमांचक होता है, कई बार मुश्किलें भी उतनी बढ़ जाती हैं। क्योंकि, पहाड़ी इलाकों में मौसम कब बदल जाए, रास्ते कब कठिन हो जाएं या किसी जरूरी चीज की जरूरत पड़ जाए, इसका अंदाजा पहले से नहीं लगाया जा सकता। ऐसे में जरूरी है कि अगर आप बाइक से पहाड़ों पर यात्रा करने का प्लान कर रहे हैं तो आपके बैग में कुछ चीजें होना बेहद जरूरी है। इससे आपका सफर सुरक्षित और आरामदायक बन सकता है।

किसी भी लंबी राइड से पहले अपनी बाइक की सर्वीसिंग जरूर करवा लें। क्योंकि लंबे समय तक लगातार बाइक चलाने से इंजन पर अधिक दबाव पड़ता है। इसलिए लंबी यात्रा पर निकलने से पहले बाइक की सर्विसिंग जरूर करवानी चाहिए। इस दौरान इंजन, इंजन ऑयल, ब्रेक और अन्य जरूरी हिस्सों की जांच होती है, जिससे रास्ते में अचानक खराबी आने की संभावना काफी कम हो जाती है।

रेनकोट या वाटरप्रूफ जैकेट

पहाड़ी इलाकों में मौसम कब बदल जाए इसका अंदाजा लगाना काफी मुश्किल होता है। हो सकता है अभी धूप हो और आगे चलकर आपको तेज बारिश के बीच से गुजरना हो। ऐसे में अच्छी क्वालिटी का रेनकोट या वाटरप्रूफ राइडिंग जैकेट अपने बैग में जरूर रखें। इससे आप न सिर्फ भीगने बल्कि ठंड लगने से भी बच सकते हैं।

पावर बैंक

लंबी यात्रा के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नेविगेशन, फोटो खींचने और इमरजेंसी कॉल के लिए होता है। ऐसे में चार्जिंग केबल के अलावा पर्याप्त क्षमता वाला पावर बैंक साथ में जरूर रखें। पहाड़ों में कई बार बिजली की भी समस्या रहती है ऐसे में आप सोलर पावर बैंक खरीद सकते हैं। वहीं, अगर संभव हो तो बाइक में भी यूएसबी चार्जर लगवा लें। साथ ही अतिरिक्त चार्जिंग केबल भी रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर काम आ सके।

टॉर्च और मल्टी-टूल

पहाड़ों पर बाइक से सफर करने के दौरान साफ में टॉर्च और मल्टी-टूल जरूर रखें। देर शाम या रात में सफर के दौरान या बाइक में कोई छोटी समस्या आने पर टॉर्च काफी काम आती है। वहीं, मल्टी-टूल या फोल्डिंग टूल किट की मदद से आप बाइक के छोटे-मोटे काम आसानी से कर सकते हैं।

सनग्लास, लिप बाम और सनस्क्रीन

पहाड़ों पर यात्रा करने से पहले आप अपने बैग में सनग्लास, लिप बाम और सनस्क्रीन जरूर रख लें। दरअसल, ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में धूप और यूवी किरणों का प्रभाव अधिक होता है। ऐसे में आपकी आंखों और त्वचा की सुरक्षा बनी रहती है।

गर्म कपड़े

गर्मी के मौसम में भी पहाड़ों पर सुबह और रात के समय तापमान काफी कम हो जाता है। ऐसे में आप अपने बैग में गर्म जैकेट, टोपी, दस्ताने और मोजे जरूर रखें। साथ ही एक-दो जोड़ी कपड़े अधिक पैक करके चलें, ताकि बारिश या किसी अन्य वजह से कपड़े गीले होने पर कोई समस्या न हो।

फर्स्ट एड किट

पहाड़ों पर बाइक से यात्रा करने के दौरान सिरदर्द या छोटी-मोटी चोट जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसी स्थिति के लिए पहले से तैयार रहें। घर से निकलने से पहले अपने बैग में फर्स्ड एड किट जरूर रखें। उसमें बैंडेज, एंटीसेप्टिक क्रीम, कॉटन, गॉज, पेनकिलर, बुखार और पेट दर्द जैसी जरूरी चीजें शामिल करें।

पंचर रिपेयर और बाइक टूल किट

पहाड़ी इलाकों में बाइक से यात्रा करने से पहले बेसिक टूल किट, पंचर रिपेयर किट, टायर इन्फ्लेटर या मिनी एयर पंप और अतिरिक्त फ्यूल जैसी चीजें साथ में जरूर रखें। इससे छोटी-मोटी तकनीकी खराबी आने पर उसे तुरंत ठीक किया जा सकता है। दरअसल, दूर-दराज और कठिन पहाड़ी इलाकों में हर जगह मैकेनिक उपलब्ध नहीं होते हैं, ऐसे में आपके ये टूल किट काम आ सकते हैं।

पानी और एनर्जी स्नैक्स

अगर आप लंबी यात्रा पर जा रहे हैं तो अपने बैग में हमेशा पर्याप्त पानी रखें। पहाड़ों पर हर जगह दुकानें उपलब्ध नहीं होती हैं। ऐसे में अपने साथ ड्राई फ्रूट्स, एनर्जी बार, चॉकलेट, बिस्कुट, मुसली जैसे हल्के स्नैक्स जरूर रखें।

कैश और मैप

पहाड़ों पर एटीएम और नेटवर्क की समस्या रहती है। इसके साथ ही डिजिटल पेमेंट की सुविधा भी ज्यादा उपलब्ध नहीं होती है। ऐसे में कुछ नकद पैसे साथ में रखें। साथ ही नेटवर्क की कमी के चलते ऑनलाइन मैप काम करना बंद कर सकता है। ऐसे में यात्रा करने वाले रूट का ऑफलाइन मैप डाउनलोड करके रखें, ताकि नेटवर्क न होने पर भी रास्ता ढूंढने में परेशानी न हो।

दस्तावेज

यात्रा करने से पहले आपके बैग में सबसे जरूरी सामानों में दस्तावेज भी रखना न भूलें। ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बाइक इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (PUC), पहचान पत्र और होटल बुकिंग की कॉपी अपने साथ रखें।

Also Read
14,500 फीट की ऊंचाई पर बसा है भारत का सबसे ऊंचा ठंडा रेगिस्तान, आसपास हैं कई खूबसूरत जगहें