भारत में बड़े धूमधाम से मनाए जाने वाले पर्व होली की तैयारियां लोग कुछ दिनों पहले से ही शुरू कर देते हैं। इस मौके पर कई पकवान बनाए जाते हैं। होली के मौके पर कई मीठे पकवान बनाए जाते हैं। अधिक मीठा खाने के बाद कुछ नमकीन खाने का मन करने लगता है। ऐसे में इस होली जब आप भी मीठा खाकर उब जाएं तो मूंग दाल कचौड़ी ट्राई करें।

घर पर आए मेहमानों को मालपुआ, गुझिया, पापड़ और अन्य नमकीन स्नैक्स के साथ मूंग दाल कचौड़ी परोस सकते हैं। मूंग दाल कचौड़ी राजस्थान के मशहूर व्यंजनों में से एक है। ऐसे में आइए जानते हैं इस राजस्थानी स्ट्रीट फूड को बनाने की रेसिपी क्या है।

कचौड़ी का आटा बनाने की सामग्री | Moong Dal Kachori Recipe

  • मैदा- एक कप
  • आधा चम्मच नमक
  • आधा चम्मच अजवाइन
  • घी या तेल

स्टफिंग के लिए सामग्री | Moong Dal Kachori Filling

  • एक कप बिना छिलके वाली मूंग दाल
  • साबुत धनिया- 1 चम्मच
  • सौंफ- 1 चम्मच
  • काली मिर्च- 10 या 12
  • आधा चम्मच जीरा
  • एक चुटकी हींग
  • 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • आधा चम्मच हल्दी
  • आधा चम्मच धनिया पाउडर
  • 1 चम्मच नमक
  • आधा चम्मच गरम मसाला
  • आधा चम्मच आमचूर
  • आधा चम्मच चाट मसाला
  • थोड़ी सी कसूरी मेथी
  • बेसन- 4 चम्मच

ऐसे तैयार करें कचौड़ी का आटा | Crispy Moong Dal Kachori Recipe

कचौड़ी का आटा तैयार करने के लिए मैदा में नमक और अजवाइन डालकर अच्छी तरह मिला लें। खस्ता कचौड़ी के लिए मोयन सबसे जरूरी है। इसके लिए घी या तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। घी या तेल डालकर आटे के हथेलियों से अच्छी तरह रगड़ते हुए मिला दें। थोड़ा-थोड़ा पानी का इस्तेमाल करते हुए हल्का सॉफ्ट आटा गूंथ लें। ज्यादा सख्त नहीं होना चाहिए। आटे को 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें।

मूंग दाल कचौड़ी की की स्टफिंग | How to Make Moong Dal Kachori

  • एक कप बिना छिलके वाली मूंग दाल को 2-3 घंटे के लिए पानी में भिगो कर रख दें। दाल न तो ज्यादा कड़क और न ही गलनी चाहिए। जब ये फूल जाए तो इसे धो कर मिक्सी में दरदरा पीस लें। इसमें हल्के दाने रहने चाहिए।
  • मसाले के लिए सबसे पहले साबुत धनिया, सौंफ और काली मिर्च को दरदरा पीसकर लें। कड़ाई में तेल गर्म करके उसमें आधा चम्मच जीरा डाल दें। जीरा जब चटकने लगे तो पिसा हुआ मसाला और एक चुटकी हींग डाल दें।
  • इसके बाद बेसन डालकर धीमी आंच पर खुशबू आने तक भून लें। अब इसमें दरदरी पिसी मूंग दाल डालकर धीमी आंच पर भून लें।
  • दाल भुन जाने के बाद उसमें बाकी सभी मसाले डालकर धीमी आंच पर तब तक चलाएं जब तक मिश्रण सूखा और भुरभुरा न हो जाए। भुरभुरा हो जाने पर गैस बंद कर इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें।

खस्ता और फूली कचौड़ी बनाने का तरीका | Moong Dal Kachori at home

  • अब आटे की लोई बनाकर हल्का सा बेल लें और बीच में स्टफिंग रख दें। किनारों को ऊपर की तरफ लाकर बंद करें और बचा हुआ आटा हटा दें। फूली कचौड़ी के लिए लोई को हल्की पतली रखें।
  • अब कड़ाही में तेल डालकर गर्म कर लें। तेल अधिक गर्म नहीं होना चाहिए। कचौड़ी को तेल में डाल दें। जब ये तैरने लगे तो पलट दें और ऊपर से हल्का तेल डालते रहें ताकि कचौड़ी अच्छे से फूल जाए।
  • ज्यादा खस्ता के लिए कचौड़ी के एक बार तलने के बाद निकला लें। जब तेल हल्का ठंडा हो जाए तो उसे फिर धीमी आंच पर तल लें।
  • होली के मौके पर इमली की चटनी और आलू की सब्जी के साथ मूंग दाल कचौड़ी सर्व कर सकते हैं।

    Also Read
    इस होली मेहमानों को खिलाएं संदेश मिठाई, बेहद आसान है रेसिपी