Monsoon Places to Visit in Rajasthan: राजस्थान का नाम सुनते ही दिमाग में रेगिस्तान, ऐतिहासिक किले और पारंपरिक संस्कृति की याद आती है। हालांकि ज्यादातर लोग यहां सर्दियों के समय घूमने आते हैं लेकिन आप यहां मानसून के दौरान भी घूमने का प्लान कर सकते हैं। इस समय यहां की खूबसूरती का एक अलग और अनोखा नजारा देखने को मिलता है। जहां ऐतिहासिक स्मारकों की सुंदरता कई गुना बढ़ जाती है और मानसून में चलने वाली ठंडी हवाएं और प्राकृतिक दृश्य घूमने का मजा दोगुना कर देती हैं।
गर्मियों की तुलना में मानसून के समय राजस्थान का मौसम ज्यादा अच्छा होता है। इस दौरान आप यहां की कुछ बेहतरीन जगहों को घूमने का प्लान कर सकते हैं जो शांति और सुकून दोनों का अनुभव देंगी। पहाड़ियों की हरियाली का आनंद लेना हो या झीलों के किनारे शांति से समय बिताना हो, बारिश का मौसम सही समय साबित हो सकता है। आज हम आपको यहां की कुछ खूबसूरत और शानदार जगहों के बारे में बताएंगे जहां आप घूमने का प्लान कर सकते हैं।
अलवर
कम बजट में शानदार ट्रिप करनी है तो राजस्थान का अलवर जिला बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। अरावली की वादियों में बसा अलवर प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों और रोमांचक पर्यटन स्थलों के लिए प्रसिद्ध है। यहां पर आप बाला किला, सिलीसेढ़ झील, सिटी पैलेस और सरिस्का टाइगर रिजर्व जैसी शानदार जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। वीकेंड पर दिल्ली से यहां की ट्रिप आसानी से की जा सकती है।
माउंट आबू
राजस्थान में मानसून में घूमने लायक जगहों में माउंट आबू का नाम भी शामिल है। यहां पर आपको जगह-जगह झरने और सुंदर नजारे देखने को मिलेंगे। प्रकृति के बीच समय बिताने और सुंदर नजारों का आनंद लेने के लिए इस जगह का रुख कर सकते हैं। बारिश के समय यहां पर्यटक आना पसंद करते हैं। यहां नक्की झील में बोटिंग, गुरु शिखर के शानदार नजारे, दिलवाड़ा जैन मंदिर के दर्शन, सनसेट पाइंट का दीदार और टोड रॉक की खूबसूरती का आनंद ले सकते हैं।
बांसवाड़ा
राजस्थान के खूबसूरत शहरों में से एक बांसवाड़ा को सौ द्वीपों का शहर और राजस्थान का चेरापूंजी भी कहा जाता है। बारिश के मौसम में यहां की प्राकृतिक सुंदरता दोगुना बढ़ जाती है। यहां कड़ेलिया झरना, चाचा कोटा, सिंगपुरा फॉल, जगमेड़ू हिल, त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, मानगढ़ धाम, रामकुंड और नंदनी माता का मंदिर घूमने लायक जगहें हैं। भीड़-भाड़ से दूर शांति में समय बिताना चाहते हैं तो परिवार या पार्टनर के साथ यहां घूमने आ सकते हैं।
