कपड़ों को साफ करने और उन्हें सुखाने की सबसे बड़ी समस्या मानसून के दौरान होती है। बारिश और नमी के कारण धुले हुए कपड़ों को पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती, जिससे उन्हें पूरी तरह सूखने में कई दिन लग जाते हैं। लंबे समय तक नमी में रहने से कपड़ों से बदबू भी आने लगती है। इसके साथ ही अगर बरसात के मौसम में कपड़ों को सही तरीके से धोया और सुखाया न जाए, तो वे जल्दी खराब भी हो सकते हैं। इस मौसम में लोग अनजाने में कई ऐसी गलतियां कर देते हैं, जिससे कपड़े जल्दी खराब होने लगते हैं। आइए जानते हैं बरसात में किन गलतियों से बचना चाहिए।
1- कपड़ों को वॉशिंग मशीन में छोड़ देना
बारिश के मौसम में अक्सर लोग गीले कपड़ों को वॉशिंग मशीन में ही छोड़ देते हैं। यह दिखने में भले ही छोटी गलती लगे, लेकिन इससे कपड़े की क्वालिटी को नुकसान पहुंच सकती है। बरसात में नमी ज्यादा होती है, जो बैक्टीरिया के पनपने के लिए अनुकूल होती है, जिसके चलते कपड़ों में सीलन की बदबू आने लगती है। एक बार बदबू कपड़ों में बस जाए तो उसे निकालना आसान नहीं होता। गीले कपड़ों को एक साथ ढेर में रखने से गहरे रंगों के कपड़ों का रंग हल्के कपड़ों पर लग सकता है। इसलिए कपड़े धुलने के तुरंत बाद उन्हें मशीन से निकालकर सुखाने के लिए फैला दें।
2- कपड़ों को पॉलिथीन बैग में रखना
जैकेट, हैंडबैग, लेदर के जूते, स्नीकर्स और दूसरी नाजुक चीजों को मानसून में प्लास्टिक या पॉलिथीन बैग में बंद करके नहीं रखना चाहिए। पॉलिथीन बैग के अंदर नमी फंस जाती है और उसे बाहर निकलने की जगह नहीं मिलती। इससे फंगस, दाग और सामान के खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।
3- हल्के नम कपड़ों को अलमारी में रखना
बारिश के दिनों में कपड़े ऊपर से सूखे हुए लग सकते हैं, लेकिन कई बार उनमें अंदर थोड़ी नमी रह जाती है। ऐसे कपड़ों को तुरंत मोड़कर अलमारी में रखने से नमी अंदर फंस जाती है। इससे कपड़ों में सीलन और बदबू आने के साथ फंगस भी लग सकता है। इसलिए कपड़ों को पूरी तरह सुखाने के बाद ही अलमारी में रखना चाहिए।
4- कपड़ों का बार-बार गीला होना
कई बार कपड़ा धोने के बाद जब सुखाने के लिए बाहर डालते हैं, तो अचानक बारिश आ जाती है, तो वे फिर से गीले हो जाते हैं। बारिश में बार-बार गीला और सूखना कपड़ों की फैब्रिक को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे कई बार कपड़ों से बदबू भी आने लगती है।
5- इन गलतियों से भी बचें
बारिश में भीगे कपड़ों पर मिट्टी, धूल और दूसरी गंदगी चिपक सकती है। इन्हें लंबे समय तक ऐसे ही रखने से दाग कपड़े में बैठ सकते हैं और बदबू भी आने लगती है। बार-बार यह गलती कपड़े की गुणवत्ता को खराब कर सकती है। इसके साथ ही कई बार लोग नम कपड़े पर बहुत तेज तापमान में इस्त्री करते हैं, इससे कपड़े के फैब्रिक के रेशों खराब हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें
बेडशीट पर लगे छोटे-छोटे रोएं हटाने के लिए आजमाएं ये आसान तरीके
