बारिश के दिनों में अक्सर कुछ चीजें बहुत जल्दी सील जाती हैं। इसके बाद इन्हें खाना तो संभव नहीं फेंकना ही पड़ता है। मानसून में हवा में नमी (Humidity) बढ़ जाती है। कई सूखी खाद्य सामग्री हवा से नमी सोख लेती हैं। इससे वे या तो गुठलीदार हो जाती हैं या सील जाती हैं। न केवल उनका टेक्सचर बदल जाता है, बल्कि स्वाद भी गड़बड़ा जाता है। ऐसे में आपको पता होना चाहिए कि आखिरकार वो कौन सी 5 चीजें हैं जो जल्दी सीलन पकड़ लेती हैं और उन्हें स्टोर करने का सही तरीका क्या है।
चीनी
बारिश में चीनी के दाने आपस में चिपकने लगते हैं। ये बड़े-बड़े गुठले बना लेते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि चीनी हवा में मौजूद नमी के संपर्क में आने पर उसकी सतह पर हल्की नमी जमा हो सकती है। इसके अलावा बार-बार डिब्बा खोलने से अंदर की हवा भी नम होती रहती है। गीला चम्मच डालने से ये ज्यादा जल्दी सील सकती है। इसको स्टोर करने के लिए आपको एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके साथ ही हमेशा सूखा चम्मच ही इस्तेमाल करें। चीनी के डिब्बे को कभी गैस या सिंक के पास न रखें।
नमक
मानसून में अक्सर नमक गीला हो जाता है। या फिर दाने जमने लगते हैं। नमक हवा से नमी खींच लेता है इसी वजह से बरसात में नमक सील जाता है। इसको भी आपको एयरटाइट डिब्बे में रखना चाहिए। डिब्बे को हमेशा नमी वाली जगह से दूर रखें। सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें।
मसाले
हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर जैसे मसालों में सीलन से आ जाने से यह पाउडर से गुठलियों में बदल जाता है। खुशबू कम लग सकती है। लंबे समय तक नमी रहने पर यह खराब भी हो सकते हैं। पिसे हुए मसाले नमी जल्दी पकड़ सकते हैं। गर्म सब्जी के ऊपर से मसाला निकालने पर उठने वाली भाप भी डिब्बे में जा सकती है। इसलिए मसाले निकालते समय कंटेनर को भाप से दूर रखें। साथ ही हमेशा सूखा चम्मच इस्तेमाल करें।
बेसन और सूजी
जी हां बारिश में बेसन और सूजी भी सील सकती है। इनकी गंध बदल सकती है। खुले पैकेट के साथ यह समस्या और ज्यादा जल्दी हो सकती है। इसलिए पैकेट खोलने के बाद एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें। इसे ठंडी और सूखी जगहों पर रखें। जरूरत से ज्यादा स्टॉक न रखें।
बिस्कुट और नमकीन
बारिश में बिस्कुट और नमकीन का कुरकुरापन खत्म हो जाता है। कई बार यह मुलायम पड़ जाते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि खुले पैकेट में हवा की नमी सीधे अंदर पहुंच जाती है। पैकेट ठीक से बंद न होने पर असर जल्दी दिखता है। इसलिए क्लिप से पैकेट बंद करें या एयरटाइट डिब्बे में रखें। खोलने के बाद जल्दी इस्तेमाल करें।
