मानसून गर्मी से तो राहत देता है लेकिन स्किन से लेकर बालों के लिए समस्याएं भी साथ लेकर आता है। बारिश के दौरान हवा में नमी बढ़ने से बालों और स्कैल्प में कई परेशानियां हो सकती हैं। बारिश में भीगने, पसीना आने और स्कैल्प के लंबे समय तक गीला रहने की वजह से रूसी (Dandruff) की समस्या बढ़ सकती है।
कई लोगों की शिकायत भी रहती है कि इस मौसम में सिर में खुजली, सफेद परतें और बाल झड़ने जैसी दिक्कत होने लगती हैं। अगर लंबे समय तक यह समस्या बनी रहे या बहुत ज्यादा बढ़ जाए, तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
सबसे पहले जानें बारिश में क्यों बढ़ती है रूसी?
इंडियन एक्सप्रेस से हुई बातचीत में मुंबई के नानावती मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के हेयर ट्रांसप्लांट क्लिनिक में त्वचा रोग विशेषज्ञ वरिष्ठ सलाहकार डॉ. रैना एन. नाहर बताती हैं कि मानसून में वातावरण में होने वाले बदलाव सिर की त्वचा में रूसी की समस्या को बढ़ा सकते हैं। उनके अनुसार, त्वचा पर प्राकृतिक रूप से मौजूद मैलासेजिया (Malassezia) नाम का फंगस इस दौरान तेजी से बढ़ने लगता है। इससे स्कैल्प में सूजन, खुजली, जलन और रूसी की समस्या हो सकती है।
बारिश में ये गलतियां बनती हैं ड्रैंडफ की वजह
मानसून के दौरान कुछ छोटी-छोटी गलतियां रूसी को बढ़ाने का कारण बन सकती हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में।
बारिश में भीगने के बाद लंबे समय तक बाल गीले छोड़ देना।
पसीने और गंदगी के बावजूद स्कैल्प की सही तरीके से सफाई न करना।
गीले बाल बांध लेना, जिससे स्कैल्प लंबे समय तक नम बनी रहती है।
दूसरों की कंघी, तौलिया या हेयर एक्सेसरीज इस्तेमाल करना। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
बाल धोने के लिए सामान्य पानी का करें इस्तेमाल
द एस्थेटिक क्लीनिक्स की सलाहकार त्वचा विशेषज्ञ, कॉस्मेटिक त्वचा विशेषज्ञ और डर्माटो-सर्जन डॉ. रिंकी कपूर के अनुसार, बहुत गर्म पानी से बाल धोने से स्कैल्प के प्राकृतिक तेल निकल जाते हैं। सर्दी-गर्मी या बारिश कोई भी मौसम हो बाल धोने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल न करें। इससे त्वचा रूखी हो सकती है और रूसी की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए बाल धोने के लिए सामान्य या हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है।
रूसी से बचने के लिए क्या करें?
डॉ. रैना एन. नाहर के अनुसार, रूसी से निपटने के लिए एंटीफंगल गुणों वाले एंटी-डैंड्रफ शैम्पू का इस्तेमाल फायदेमंद साबित हो सकता है। शैंपू को बारी-बारी से हर दूसरे दिन इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने बताया रूसी के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए लोशन भी उपलब्ध हैं। इन्हें हर दूसरे दिन स्कैल्प पर लगाकर रातभर छोड़ दिया जाता है और अगले दिन धो लिया जाता है।
क्या बालों में तेल लगाने से रूसी ठीक हो जाती है?
डॉ. रैना एन. नाहर के अनुसार, रूसी होने पर बालों में तेल लगाना हमेशा सही उपाय नहीं होता। उनका कहना है कि तेल लगाने से कई मामलों में रूसी की समस्या और बढ़ सकती है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
डॉ. रिंकी कपूर सलाह देती हैं कि शरीर को पर्याप्त मात्रा में पानी देकर हाइड्रेटेड रखना जरूरी है, क्योंकि इससे स्कैल्प को अंदर से भी पोषण मिलता है। वहीं, मानसून में भीगने के बाद जितनी जल्दी हो सके बालों को साफ करके अच्छी तरह सुखाना भी फायदेमंद हो सकता है। स्कैल्प को साफ और सूखा रखने की कोशिश करें। जरूरत से ज्यादा हेयर स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल न करें। संतुलित आहार लें, ताकि बालों और त्वचा को जरूरी पोषक तत्व मिलते रहें।
कब डॉक्टर से मिलना चाहिए?
डॉ. रैना एन. नाहर के अनुसार, अगर एंटी-डैंड्रफ शैम्पू और अन्य देखभाल के बावजूद रूसी कम नहीं हो रही है, बार-बार लौट रही है या लक्षण लगातार बढ़ रहे हैं, तो त्वचा विशेषज्ञ या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। कई बार रूसी जैसी दिखने वाली समस्या के पीछे कोई अन्य स्कैल्प रोग भी हो सकता है, जिसकी सही पहचान और इलाज जरूरी होता है।
Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें शामिल चिकित्सा संबंधी जानकारी विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। रूसी, सिर में लगातार खुजली, लालपन, अत्यधिक बाल झड़ने या अन्य गंभीर लक्षण होने पर स्वयं इलाज करने के बजाय त्वचा रोग विशेषज्ञ (Dermatologist) से सलाह लें।
