स्टडी रूम जितना व्यवस्थित रहता है, पढ़ाई का माहौल उतना ही बेहतरीन होता है। जब स्टडी रूम में चीजें इधर-उधर बिखरी रहती हैं, तो पढ़ाई में भी मन नहीं लगता है। हालांकि, छोटे घरों में स्टडी रूम या पढ़ाई के लिए अलग से जगह निकालना आसान नहीं होता है। कई बार कमरा इतना छोटा होता है कि उसमें एक बड़ी स्टडी टेबल तक रखने की जगह नहीं बचती है।
हालांकि, कुछ अत्याधुनिक डिजाइंस हैं, जिनकी मदद से आप छोटे से स्टडी रूम में भी आसानी से स्टडी टेबल बनवा सकते हैं। ये न सिर्फ देखने में सुंदर होते हैं, बल्कि आप अपनी किताबों और अन्य जरूरी चीजों को भी व्यवस्थित तरीके से रख सकते हैं। आइए जानते हैं छोटे कमरे में किस तरह का स्टडी टेबल लगवाएं।
1- फोल्डेबल वॉल-माउंटेड टेबल
अगर आपके स्टडी रूम में जगह की कमी है और टेबल नहीं रख पा रहे हैं तो फोल्डेबल वॉल-माउंटेड टेबल काफी शानदार विकल्प साबित हो सकता है। इसे दीवार पर लगाया जाता है और साथ ही जरूरत पड़ने पर आप इसे खोलकर इस्तेमाल कर सकते हैं और काम खत्म होने पर वापस दीवार से सटा दिया जाता है। इससे फर्श की जगह बचती है, कमरा खुला और बड़ा दिखता है। इसके साथ ही आप टेबल के ऊपर शेल्फ लगवा सकते हैं, जहां किताबें, नोटबुक और स्टेशनरी आसानी से रखी जा सकती है।
2- विंडो सीट स्टडी कॉर्नर
अगर पढ़ाई के कमरे में बड़ी खिड़की है, तो उसके आसपास की जगह को आप स्टडी एरिया में बदल सकते हैं। खिड़की के नीचे लकड़ी का प्लेटफॉर्म या पतली टेबल लगवा सकते हैं। इससे प्राकृतिक रोशनी भरपूर मात्रा में मिलती रहती है। साथ ही आप खिड़की के दोनों तरफ फ्लोटिंग शेल्फ लगाकर स्टोरेज को बढ़ा सकते हैं।
3- फ्लोटिंग स्टडी डेस्क
छोटे रूम के लिए सबसे बेहतरीन स्टडी टेबल डाजाइनों में से एक फ्लोटिंग स्टडी डेस्क है, जो दीवार पर फिक्स होती है और इसके नीचे की जगह खाली रहता है, जहां आप स्टूल या अन्य जरूरी चीजें रख सकते हैं। इससे कमरा अधिक व्यवस्थित दिखाई देता है। छोटे कमरों के लिए ये बिल्कुल परफेक्ट डिजाइन है। इसके अलावा आप डेस्क के नीचे एलईडी स्ट्रिप लाइट लगा सकते हैं, जिससे कमरा और भी आकर्षक लगता है।
4- कॉर्नर स्टडी यूनिट
कमरे के कोनों का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो वहां पर एल-शेप या ट्रायंगल डिजाइन वाली कॉर्नर स्टडी यूनिट लगा दें। कम जगह में आप एक आकर्षक स्टडी एरिया बना सकते हैं। यहां पर आप किताबें, लैपटॉप से लेकर अन्य जरूरी सामान रख सकते हैं। इसके ऊपर अगर जगह खाली है, तो वहां पर शेल्फ लगाकर उसमें जरूरी सामान रख सकते हैं।
5- फोल्डेबल कैबिनेट टेबल
छोटे कमरे में आप फोल्डेबल कैबिनेट टेबल लगा सकते हैं। इसका डिजाइन ऐसा होता है कि बंद होने पर यह सामान्य कैबिनेट या अलमारी जैसी दिखाई देती है और खोलने पर स्टडी टेबल बन जाती है। इसे आप कम जगह में बनवा सकते हैं।
Also Read
घर के आंगन को दें स्टाइलिश और खूबसूरत लुक, यहां से लें शानदार डेकोरेशन आइडिया
