बाल सभी की पर्सनैलिटी में निखार लाते हैं। दरअसल, लंबे, घने और चमकदार बाल सुंदरता में चार चांद लगाने के साथ-साथ कॉन्फिडेंस भी बढ़ाते हैं। वहीं, खूबसूरत, रेशमी और मुलायम बाल पाने के लिए लोग अक्सर पार्लर ट्रीटमेंट और महंगे प्रोडक्ट्स का उपयोग करते हैं।

हालांकि, कई बार केमिकल ट्रीटमेंट से बालों को काफी नुकसान पहुंचता है। ऐसे में आप नेचुरल तरीकों से भी बालों को मुलायम बना सकते हैं। इसके लिए आप दूध का सहारा ले सकते हैं। दरअसल, दूध में प्रोटीन, कैल्शियम और कई तरह के विटामिन्स होते हैं, जो बालों को पोषण देकर उन्हें मजबूत, शाइनी और सिल्की बनाने में मदद करते हैं।

दूध और शहद से बनाएं हेयर मास्क

कई लोगों के बाल रूखे और बेजान हो जाते हैं। ऐसे में इन लोगों के लिए दूध और शहद का हेयर मास्क बेहद फायदेमंद हो सकता है। इसे तैयार करने के लिए आधा कप कच्चा दूध लें और उसमें 2 चम्मच शहद मिलाएं। अब इस मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर स्कैल्प से लेकर बालों की लंबाई तक लगाएं। करीब आधे घंटे तक ऐसे ही रहने दें। इसके बाद माइल्ड शैंपू से बालों को अच्छी तरह धो लें। यह मास्क बालों में नमी बनाए रखता है और उन्हें मुलायम बनाता है।

दूध और केला का हेयर मास्क

कई लोगों में बालों के टूटने की समस्या होती है। ऐसे में दूध और केले से बना हेयर मास्क काफी कारगर हो सकता है। इसके लिए एक पके हुए केले को आधा कप कच्चे दूध में अच्छी तरह मैश करें। अब इस पेस्ट को बालों पर सही तरीके से लगाएं। कुछ समय तक ऐसे ही छोड़ने के बाद इसे शैंपू से धो लें। यह हेयर मास्क बालों को पोषण देने के साथ-साथ उनकी शाइनी भी बढ़ाता है।

दूध-एलोवेरा जेल का हेयर मास्क

आप दूध के साथ एलोवेरा जेल का भी उपयोग कर सकते हैं। इससे बालों का रूखापन कम होता है और बाल लंबे समय तक स्वस्थ बने रहते हैं। दरअसल, दूध और एलोवेरा दोनों ही औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं, जो बालों को गहराई से पोषण देते हैं।